• IAS Transfer: बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, दो दर्जन से अधिक IAS के प्रभार बदले,  11 जिलों को मिले नए कलेक्टर

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। इस फेरबदल में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव तथा जनसंपर्क सचिव समेत कई दिग्गज आईएएस अधिकारी प्रभावित हुए हैं। एक झटके में 11 जिलों के कलेक्टर भी बदल दिए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक लोक निर्माण विभाग के भारसाधक सचिव को मुख्यमंत्री का नया प्रमुख सचिव बनाया गया है। नीचे देखें पूरी लिस्ट..

    भोपाल, 14 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के प्रभार में व्यापक बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में जबलपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, भिंड, पन्ना, शाजापुर, बुरहानपुर, हरदा, बालाघाट और सिंगरौली समेत कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। वहीं मंत्रालय स्तर पर भी कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

    सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रश्मि अरुण शमी को अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा, गैस भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग आयुक्त खाद्य सुरक्षा तथा अध्यक्ष मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल बनाया गया है। वहीं 1997 बैच के आईएएस सुखबीर सिंह मुख्यमंत्री के नए प्रमुख सचिव होंगे, उनके पास लोक निर्माण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी यथावत होगी। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भारत यादव को जनसंपर्क सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    11 जिलों को मिले नए कलेक्टर
    तबादला सूची के अनुसार पन्ना कलेक्टर उषा परमार को हटाकर भोपाल में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक, मंडी आयुक्त और अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा नए जबलपुर कलेक्टर होंगे। वहीं बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा जिले का प्रभार सौंपा गया है।

    वहीं हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को मंत्रालय में उपसचिव वाणिज्यिक कर बनाया गया है।  राजेश कुमार ओगरे को मऊगंज का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं संजय कुमार जैन को मऊगंज से वल्लभ भवन में उपसचिव किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अंकित अस्थाना को सिंगरौली कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वही सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल को उपसचिव सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है। रोहित सिसोनिया को रायसेन, विवेक कुमार को बुरहानपुर, डॉ. परीक्षित संजयराव झाडे को शाजापुर, पवन कुमार जैन को भिंड, आशीष वशिष्ठ को नर्मदापुरम तथा आदित्य सिंह को बालाघाट जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

    इस फेरबदल से वल्लभ भवन के कई दिग्गज अधिकारी भी प्रभावित हुए हैं। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं या उनके प्रभारों में कमी की गई है। पढ़ें सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी पूरा आदेश..