Balod Acid Attack: लाइब्रेरी से लौट रही हवलदार की बेटी पर एसिड अटैक; मुख्य आरोपी भी निकला पुलिसकर्मी का बेटा, गिरफ्तार
Balod Acid Attack: बालोद केस में यह तथ्य सामने आया है कि प्यार का प्रस्ताव ठुकराने के कारण सनकी युवक ने अपने बचपन के दोस्त के हाथों युवती पर एसिड अटैक करवाया। भैरमगढ़ में पूरे घटना की योजना तैयार की गई।
बालोद, 6 अक्टूबर 2026। बालोद एसिड अटैक मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह मानपुर- मोहला में पदस्थ पुलिस कर्मी का बेटा निकला। हवलदार की बेटी पर एसिड अटैक तब हुआ जब वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। फिलहाल पीड़िता का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया है। पुलिस ने दो आरोपी को घटना के दिन सोमवार को ही घेराबंदी कर कोंडागांव में गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है कि छात्रा के द्वारा लव प्रपोजल ठुकराए जाने से आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया।
जानें पूरा मामला
बालोद जिले के बालोद थाना इलाके के आमापारा का है। सोमवार (5 अक्टूबर) दोपहर पीड़िता छात्रा सोमवार दोपहर 12:30 लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक आया और छात्रा पर एसिड फेंक दिया जिससे छात्रा झुसल गई। छात्रा चीखने चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसिड अटैक में शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया। उसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर कर दिया गया है। दूसरी तरफ इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की गयी जिसमे एक तरफ प्यार की बात सामने आयी है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है। वह बालोद शहर के आमापारा में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ पुलिसकर्मी हैं। वह पीड़िता के साथ ही कोचिंग में पढ़ चुका है। उसने छात्रा को प्रपोज किया था। लेकिन छात्रा ने उसका लव ऑफर ठुकरा दिया था। जिससे नाराज होकर उसने बदले की साजिश रची। उसने भैरमगढ़ के रहने वाले अपने बचपन के दोस्त से एसिड अटैक करवाया था। जल्द ही पुलिस इस मामले को लेकर पूरा खुलासा करने वाली है।