• कवर्धा में दो बाइक की आमने-सामने से भिड़ंत, भाई दूज मनाकर लौट रहे भाई-बहन और पिता समेत 4 की मौत, 2 गंभीर

    कवर्धा में भाई दूज के दिन दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में एक परिवार के पिता और उनके दोनों बच्चों की जान चली गई। वहीं दूसरे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल है।

    कवर्धा, 12 नवंबर 2026। भाई दूज के दिन जब बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, उसी दिन सड़क पर हुई एक भीषण दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जिले के रणवीरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम बनिया के पास बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के पिता और उनके दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। इनमें 15 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटा सगे भाई-बहन थे। हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल सवार एक युवक की भी मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल एक मोटरसाइकिल पर बेमेतरा जिले के थाना थान खम्हरिया अंतर्गत ग्राम बनराका निवासी भूपेंद्र कश्यप (करीब 40 वर्ष), उनकी बेटी ऋतु कश्यप (15 वर्ष) और बेटा पंकज कश्यप (12 वर्ष) सवार थे। वे अपने बच्चों के मामा को भाई दूज खिलाकर वापस अपने गांव बनरांका लौट रहे थे। दूसरी मोटरसाइकिल पल्सर पर कवर्धा जिले के नवघटा निवासी युवक सवार थे। दोनों वाहनों की बनिया गांव के पास आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

    हादसे में भूपेंद्र कश्यप, ऋतु कश्यप और पंकज कश्यप की मौत हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार नवघटा निवासी भावेश सिन्हा (20 वर्ष), पिता खेम सिन्हा ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोगों की जान चली गई। भाई दूज के दिन पिता और दोनों बच्चों की एक साथ मौत की खबर ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

    दूसरी बाइक पर सवार तोमन मरावी (18 वर्ष), पिता सदासिंग और भानुप्रताप सिंह (17 वर्ष), पिता चन्द्रेश सिंह, दोनों निवासी नवघटा, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए थान खम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

    रणवीरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस दोनों मोटरसाइकिलों की स्थिति, टक्कर के हालात और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। एक ओर घरों में भाई दूज का उत्सव मनाया जा रहा था, वहीं बनिया गांव के पास चार परिवारों के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला दुख बन गया। खासकर एक ही परिवार के पिता और दो मासूम बच्चों की मौत ने इस हादसे की पीड़ा और बढ़ा दी है।