आस्था की डुबकी, भक्ति का उजास... उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए छठी मैया से की कामना। हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 17 नवंबर 2026। लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया. इस पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए अस्थाई घाटों पर पहुंचकर भगवान भास्कर और छठी मैया की विधि - विधान से पूजा अर्चना की.
छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही दिल्ली, पटना, लखनऊ, रांची, भुवनेश्वर, कोलकाता और हैदराबाद सहित देश के कई प्रदेशों में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ ने लगी.
व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख- शांति, समृद्धि और संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना की. इस अनुष्ठान के साथ ही खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हुआ. सूर्य देव को अर्घ्य देने और पूजा- अर्चना के बाद व्रतियों ने पारण किया और परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया.
छठ महापर्व केवल पूजा- पाठ तक सीमित नही है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, संयम, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है. वहीं
चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व लोक आस्था और भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों को दर्शाता है.