• 20 को आंध्र से टकराएगा साइक्लोन अकवान, भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में भी असर

    बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान बना है. यह आज शाम गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है. आंध्र प्रदेश तट पर 20 नवंबर को नेल्लोर से तुनी के बीच लैंडफॉल की संभावना है. हवाएं 120-130 किमी प्रति घंटा और झोंके 145 किमी तक रह सकते हैं. मछुआरों को समुद्र न जाने की सलाह. वहीं छत्तीसगढ़ में भी 40- 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
    अमरावती/रायपुर, 18 नवंबर 2026। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान सक्रिय है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यह प्रणाली डीप डिप्रेशन से आगे बढ़कर चक्रवाती तूफान बन चुकी है. यह वर्तमान में चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 790 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है. पिछले कुछ घंटों में यह लगभग स्थिर रहा या धीमी गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन के अनुसार यह साइक्लोनिक सिस्टम आज शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकती है. वातावरण में मध्यम अनुकूल परिस्थितियां हैं जैसे गर्म समुद्री सतह का तापमान और मध्यम विंड शीयर, जो इसकी तीव्रता बढ़ाने में मदद कर रही हैं.

    मौसम विभाग का अनुमान है कि अकवान गुरुवार सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन जाएगा. यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए शुक्रवार दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश तट पर नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराएगा. लैंडफॉल के समय हवाएं 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेंगी जबकि झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. 

    छत्तीसगढ़ में 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

    इसका सीधा असर आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक राज्य में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। लेकिन 20 नवंबर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है।

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 और 21 नवंबर को बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल अगले 24 घंटों के लिए राज्य में कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं हुई है।

    इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

    यह आंध्र प्रदेश के लिए हाल के हफ्तों में तीसरा चक्रवात है. इससे पहले अर्नब और मुरासु ने भी राज्य को प्रभावित किया था. सिस्टम मछलीपट्टनम की ओर बढ़ सकता है लेकिन अंतिम बिंदु बदल सकता है. तटीय क्षेत्रों में तूफानी लहरें एक से दो मीटर तक ऊंची हो सकती हैं जिससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है. चक्रवात के प्रभाव से गुरुवार और शुक्रवार को तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है. कुछ जिलों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में भी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है.