छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप; रायपुर-बिलासपुर समेत 5 जिलों में 16 टीमों की एक साथ दबिश
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी है। पीआरए और बर्बरीक के ठिकानों पर आईटी की कार्रवाई जारी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है।
रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी है। कार्रवाई में 100 से अधिक अधिकारी शामिल होने की सूचना है। कुछ समूहों पर आईटी विभाग की बड़ी कार्यवाही से प्रदेश में हड़कंप गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए 16 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार सुबह एक साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित कारोबारियों और प्रतिष्ठानों में हलचल मच गई।
रायपुर में PRA ग्रुप के तीन ठिकानों पर जांच जारी
रायपुर में आयकर विभाग (IT) की टीम ने PRA ग्रुप के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले को लेकर आयकर विभाग की टीम बुधवार को तेलीबांधा स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय पहुंची। जानकारी के मुताबिक, राजधानी में ग्रुप से जुड़े तीन अलग-अलग ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम जांच और पूछताछ कर रही है। टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारियों की पड़ताल कर रही है।
बर्बरीक कंपनी के ठिकाने भी जांच के दायरे में
कार्रवाई में रायपुर और रायगढ़ स्थित बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। रायपुर में रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी छापेमारी की सूचना है। विभाग की टीमें संबंधित दस्तावेजों, कारोबारी लेनदेन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की इस कार्रवाई का दायरा कई जिलों तक फैला हुआ है। टीमों की ओर से संबंधित कारोबारियों के व्यावसायिक रिकॉर्ड, आय-व्यय के ब्योरे और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्रवाई में कितनी संपत्ति, नकदी या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी किन-किन कारोबारियों और प्रतिष्ठानों तक सीमित है तथा जांच में कितनी कर चोरी का मामला सामने आता है, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस कार्रवाई से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।