• ग्वालियर में बेकाबू का ट्रक का कहर, 41 श्रद्धालुओं को रौंदा, 14 की मौत, सभी दर्शन करने मंदिर की लाइन में लगे थे..

    देर रात ग्वालियर में एक मन को व्यथित करने वाली घटना घट गई। नवरात्रि की सप्तमी-अष्टमी की रात डेढ़ बजे शीतला माता के दर्शन करने लाइन में खड़े 41 श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचल दिया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया, दीवार गिरने से लोग दब गए। घटना में 14 लोगों की मौत हो गई है और दो पुलिसकर्मी समेत 26 श्रद्धालु घायल है।

    ग्वालियर, 18 अक्टूबर 2026। नवरात्रि की सप्तमी अष्टमी की देर रात करीब 1:30 बजे ग्वालियर में माता शीतला के दर्शन करने मंदिर की लाइन में लगे 41 श्रद्धालुओं को एक बेकाबू  ट्रैक ने रौंद दिया। मिली जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु सड़क किनारे दर्शन करने के लिए लाइन में लगे थे तभी चिनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया। ट्रक ड्राइवर गूगल मैप की मदद से गाड़ी चला रहा था। तभी बेकाबू होकर ट्रक पुलिस चेक पोस्ट को तोड़ते हुए लोगों कुचलते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। मंदिर की दीवार टूट कर गिर गई जिसमें श्रद्धालु दब गए।

    मौके पर अफरा तफरी मच गई। दो पुलिस कर्मी समेत करीब 26 लोग घायल हो गए। रात में ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसी की मां की जान चली गई तो किसी का भाई हादसे में साथ छोड़ गया। घटना को लेकर मृतकों और घायलों के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया कि इतनी सकरी गली में ट्रक कैसे घुस गया। वहीं पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर और मालिक दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

    जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज के डॉ. आरकेएस धाकड़ का कहना है कि अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से 12 लोगों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, दो का पोस्टमार्टम जारी है। बाकी एक महिला और एक पुरुष का इलाज चल रहा है उनकी हालत गंभीर है। वहीं एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल है। 

    पुलिस के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा

    घटना को लेकर लोगों में पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी है। लोग कह रहे हैं जहां साइकिल नहीं जा सकती वहां ट्रक कैसे घुस गया? पोस्टमार्टम रूम के बाहर शवों का इंतजार कर रहे परिजनों ने ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह को देखते ही आक्रोशित हो उठे। लोगों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

    मां बोली- बेटे की सांसें चल रही थीं, पुलिस ने एंबुलेंस लौटा दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

    किरण नाम की एक महिला ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके 19 साल के बेटे गौरव की सांसें चल रही थीं लेकिन पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाने को कह  दिया। वह बेटे को निजी अस्पताल ले जाना चाहती थी लेकिन 20 के करीब पुलिस वालों ने एंबुलेंस में डंडे मार कर उसे भगा दिया। उनका आरोप है जिसके कारण इलाज में देरी हुई और बेटे की जान चली गई।

    मोहन यादव ने कहा- घायलों का फ्री में किया जाएगा इलाज

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर कहा है कि श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी घायलों का निशुल्क के इलाज किया जाएगा।

    राहुल गांधी ने जताया दुख

    सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि ग्वालियर, मध्यप्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक द्वारा हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

    अब तक 11 मृतकों की हुई पहचान