• ACB Raid: 20 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

    राजनांदगांव के बसंतपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक किशोर यादव को एसीबी ने 18 लाख रुपये के निजी लोन विवाद में समझौता कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने और पहली किस्त के 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
    राजनांदगांव, 5 नवम्बर 2026। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 18 लाख रुपये के निजी लोन विवाद में समझौता कराने के एवज में रिश्वत मांगने वाले प्रधान आरक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जिले के बसंतपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने प्रार्थी से पांच लाख रुपये की घूस मांगी थी। बुधवार को एसीबी की टीम ने उसे पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

    निजी लोन के मामले में 18 लाख रुपये का विवाद चल रहा था। इस मामले को निपटाने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के नाम पर प्रधान आरक्षक किशोर यादव लगातार दबाव बना रहा था। उसने प्रार्थी गौरव अग्रवाल से पांच लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रार्थी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में दर्ज कराई।

    शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
    प्रार्थी की शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने सबसे पहले लगाए गए आरोपों का सत्यापन किया। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी प्रधान आरक्षक को पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की गई। तय रणनीति के अनुसार बुधवार को प्रार्थी 20 हजार रुपये लेकर आरोपी प्रधान आरक्षक के पास पहुंचा। जैसे ही प्रार्थी ने रिश्वत की रकम प्रधान आरक्षक किशोर यादव को सौंपी, आसपास पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।

    उप पुलिस अधीक्षक ने की कार्रवाई की पुष्टि
    एंटी करप्शन ब्यूरो के उप पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रार्थी गौरव अग्रवाल की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एसीबी की टीम ने आरोपी प्रधान आरक्षक किशोर यादव को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ आगे की जांच जारी है।