छोटा पैकेट, बड़ा धमाका
डी. आर. साहू
अजब-गजब अफसर
एक आईएएस के विभाग में सप्लाई करने वाले अधिकांश सप्लायर्स उनकी ही कालोनी में रहते हैं। लाइट, माइक, साउंड, टेंट, एलईडी और विभागीय उत्पादों से संबंधित सामग्रियों की सप्लाई सबके लिए साहब के पास आदमी हैं। पूरा डील बंगले से करते हैं। डील के लिए बंगले आने वाले लोगों के मोबाइल बाहर रखवाते हैं। जिस विभाग में वह सचिव हैं उनमें तीन-चार घटक हैं। सभी जगहों पर अपने आदमियों को भेजकर काम करवाते हैं। उनके दो घटकों में दूसरे आईएएस हैं। वहां भी वह अपनी मनमानी चाहते हैं। वित्त विभाग से घटकों के लिए जो अनुदान राशि की स्वीकृति मिलती है उसे भी महीनों रोककर रखते हैं। ग्रांट की राशि जारी करवाने के लिए एक अध्यक्ष को मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करवानी पड़ी। साहब के दखलंदाजी से सभी घटकों के नुमाइंदे परेशान बताए जाते हैं। बताते हैं कि पिछले दिनों उनकी दो बैच नीचे मातहत से जमकर तकरार हो गई। एमडी भी डायरेक्ट आईएएस ठहरे। तकरार इतनी बढ़ गई कि एमडी ने यहां तक कह दिया कि इस विभाग में या तो आप रहेंगे या मैं। आपको सब में पैसा चाहिए, 45-45 दिनों तक बजट की फाइलों रोककर रखते हैं।
एक आईएएस ऐसे भी..
आजकल आईएएस अफसरों के बंगले में तीन-चार चमचमाती गाड़ियां तथा नौकर-चाकर देखे जाते हैं। चाहे दो किलो प्याज चाहिए या मैडम के मोबाइल का रिचार्ज, घर के राशन से लेकर रोजमर्रे की सभी चीजों का इंतजाम विभागीय नुमाइंदों के जिम्मे होता है। इसलिए महंगाई बढ़ने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। ऐसे दौर में एक आईएएस ऐसे भी हैं जो बड़ी सादगी से जीवन जीते हैं। सरकारी बंगले की साफ सफाई में नौकर-चाकर लगते हैं, यह सोचकर एक छोटा सा प्राइवेट मकान किराए पर लेकर रहते हैं। जिसकी साफ सफाई वह खुद करते हैं। अपने कपड़े भी स्वयं धोते हैं। कुक तक नहीं रखे हैं। घर के सामने एक ढाबा में खाना खाते हैं।
ऑफिस में भी अपनी चाय का पैसा जेब से निकालकर देते हैं। किसी से गिफ्ट, मिठाई वगैरह कुछ नहीं लेते। इंद्रावती भवन में पोस्टिंग के बाद शुरू में वह बस से दफ्तर जाते थे। अपना बैग खुद उठाकर चलते हैं। यदि निजी कार्य के लिए सरकारी वाहन का उपयोग करते हैं तो जेब से डीजल डलवाते हैं। पॉलिटिकल सिस्टम के सवाल पर कहते हैं कि आप लोग देख लीजिए मुझे इसमें नहीं पड़ना है।
दही- चूड़ा दोनों से मेल
पिछली सरकार में जातिगत समीकरण के कारण एक आईआरएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ पहुंचीं। उन्हें वित्त विभाग में अहम जिम्मेदारी दी गई। पुराने मुखिया से उनके पारिवारिक ताल्लुकात बताए जाते हैं। लेकिन जैसे ही राज्य में सत्ता बदली, उसने भी रातों-रात भगवा वस्त्र धारण कर लिया। इस बीच उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त होने पर केंद्र ने उसे बढ़ाने से इनकार कर दिया और उन्होंने अखिल भारतीय सेवा से इस्तीफा दे दिया। इधर राज्य की भाजपा सरकार ने उन्हें सीधे 5 वर्ष की संविदा नियुक्ति दे दी। जबकि राज्य के पुराने एवं अनुभवी अधिकारियों को केवल 6 - 6 महीने की ही संविदा दी जा रही है। मंत्रालय के एक वरिष्ठ आईएएस का कहना है कि "उनको मंत्रालय में काम करते 7 साल हो गया लेकिन परफॉर्मेंस सिफर है लेकिन उस पर 5 साल की मेहरबानी समझ से परे है।" वहीं जानकार बताते हैं कि उनके पति का संघ परिवार से जुड़े होने और उनकी स्वयं की 2005 बैच से नजदीकी ने कमाल किया है।
क्या पुलिस कमिश्नर को इनाम मिलेगा..
छत्तीसगढ़ में क्या आईपीएस अधिकारियों का टोटा पड़ गया है? सुनने में आ रहा है कि जनवरी में रिटायर हो रहे रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को संविदा नियुक्ति देने की तैयारी की जा रही है। बताते हैं कि राज्य के गृह मंत्री उनको वहीं पर सेवा विस्तार देना चाहते हैं। अब माननीय को कौन समझाएं कि संविदा में एसपी-आईजी की फील्ड पोस्टिंग नहीं की जाती है। उधर आंकड़े भी बताते हैं कि उनके कार्यकाल में रायपुर ग्रामीण की तुलना में शहर में अपराध की दर में काफी इजाफा हुआ है।
नेता हैं या व्यापारी..
एक सहकारी बैंक के अध्यक्ष इन दिनों दोनों हाथों से बंटोरने में लगे हैं। इसके लिए अफसरों को भी खुश करने में लग जाते हैं। सत्ता की गलियारों में इस बात की खूब चर्चा हो रही है कि पिछले वर्ष की दिवाली पर उन्होंने मंत्री, सचिव और एचओडी को सोने का सिक्का दिया था। इस बार 900 ग्राम वजनी चांदी का जार गिफ्ट किया है। उनके नाम पर बैंक से खरीद करवाते हैं, लेकिन एक नग वह खुद भी रख लेते हैं। चांदी के जार के बदले वह अपना मानदेय 3.50 लाख प्रतिमाह करवाना चाहते हैं। बैंक से रजिस्ट्रार को प्रस्ताव भी भेजा गया है, जबकि कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त माननीयों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने एक निश्चित मानदेय एवं भत्ता निर्धारित किया है। लोभी प्रवृत्ति के नेताजी नियम को भी मानने के लिए तैयार नहीं हैं। अध्यक्ष के मानदेय की तुलना किसी अधिकारी के वेतनमान से नहीं किया जा सकता। ओहदे में बड़े होने पर क्या मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव के समकक्ष वेतनमान ले सकते हैं?
स्मृति की धमक से सहमे दिग्गज
भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी के कड़क रवैये से मंत्रियों और विधायकों की सिटी-पट्टी गुम हो गई है। धरमजयगढ़ के कार्यक्रम में उन्होंने भाषण देने से मना कर दिया और मंत्रियों को सामने की लाइन से पीछे भेज दिया। उनकी जगह पर आदिवासी समाज के पद्मश्री और विशिष्ट जनों को सामने बैठाया। पहले ही मीटिंग में उन्होंने साफ कर दिया कि बिना अपॉइंटमेंट या बुलावे के कोई नहीं आएगा। मुखिया के सरल और सौम्य व्यवहार के कारण कई माननीय छत्रप बन गए थे। उन पर लगाम कसने वाला कोई नहीं था। अब स्मृति आ गईं हैं।
पुछल्ला
इन दिनों एक अधिकारी की रातों की नींद उड़ी हुई है। आखिर उन्होंने किस मजबूरी में महासमुंद जिले में एक औद्योगिक इकाई को करीब ढाई सौ एकड़ शासकीय भूमि नियमों को ताक में रखकर फरमाइशी आवंटित कर दी। कलम फंसने और मामला विधानसभा के बाद हाईकोर्ट पहुंचने पर कभी भी उनकी परेशानी बढ़ सकती है।
बूझो तो जानें
0 आईएएस की सूची जारी होने से पहले सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। इसके पीछे क्या कई पॉवर सेंटर हैं?
0 महिलाओं से दिल्लगी के कारण नौकरी पर बन आने के बाद भी एक साहब अब भी आइटम लेकर घूम रहे हैं।
0 अपेक्स बैंक के अध्यक्ष को रजिस्ट्रार ने किस नियम के तहत दो-दो फॉर्च्यूनर दिया था?
0 एक वरिष्ठ सचिव पब्लिसिटी में अपने डिप्टी सीएम को भी पीछे छोड़ चले हैं, शायद इसीलिए ही उनको वहां बैठाया गया है?