• रेशम का कीड़ा भी कबीर होता है। वह अपने ककून में झीना-झीना रेशम का धागा बुनता है। एक कलाकार भी...

    "राख, मिट्टी और क्ले से मैं एक खुश जंगल भी बनाता हूं, जो एक औघड़ की तरह मस्त मलंग है। शिव-तत्व है। कला दारुण दुख में भी विभोर न रहे, तो कला क्या है!" -इरान्ना 

    बेंगलुरु, 25 नवंबर 2026। गोलप्पा रुकुम्पुर इरान्ना यानी संक्षेप में जी.आर.इरान्ना से मिलना कर्नाटक के बीजापुर जिला के सिंदगी गांव के एक ऐसे विरल व्यक्ति से मिलना है, जो 'कैनवास के किसान'हैं। वे अपने खेत की मिट्टी और अलाव की राख को, जुट जाये तो हवन-कुण्ड  की विभूति को अपने कैनवास पर भरपूर लेपते-भिगोते हैं और तब अपनी कूची को उस पर हल की तरह चलाते हैं। इसलिए इरान्ना की कला पूर्णतः मिट्टी, नदी और वनस्पति की कलाराधना है।

    वे कहते हैं कि मेरे पिता गोलप्पा रुकुम्पुर जिस तरह खेतों में हल चलाकर फसल लगाते और सींचते रहे हैं, वही प्रक्रिया मैं अपने कैनवास पर दोहराता हूं। वे कहते हैं कि 'कंटेंट' और कलाकार में हमेशा एक तनातनी रहती है और इसी के चरम पर कला उत्कर्ष पाती है। हम धूल और राख से आए हैं और इसी के जरिये सृष्टि में हमारा अनवरत आवागमन है।

    इरान्ना कोई ऊंची पढाई कर बड़े आदमी बनें--यह स्वप्न उनके किसान पिता देखते थे। पर उनके खिलंदड़ेपन से तिक्त हो उन्होंने पढ़ने के लिए इरान्ना को कर्नाटक के एक आश्रम में भेज दिया। आश्रम में नित्य वहां के हवन-कुण्ड में हवन होता था और अंततः विभूति की ढेर लग जाती थी। पता नहीं कब यह विभूति इरान्ना के मन प्राण में बस गई और कैनवास पर विभूति का लेप लगा-लगाकर वे आश्रम में ही पेंटिंग करने लगे। वैसे उनके नाम इरान्ना का अर्थ भी 'शिव की विभूति' है।

    इरान्ना अपनी पेंटिंग में पेड़ की सघन जड़ों का झीना-झीना चित्रण करते हैं। वे मुस्कराकर कहते हैं,' रेशम का कीड़ा भी कबीर होता है। वह अपने ककून में झीना-झीना रेशम का धागा बुनता है। एक कलाकार भी रेशम का कीड़ा है, जो अपने सुकून के ककून में कला का रेशम बुनता है। उसके रेशमी धागे में सब गुंथे पड़े हैं--बुद्ध, बुल्लेशाह, कबीर, रूमी और लालन फकीर। '

    इरान्ना कहते हैं,' फल-फूल का मतलब हमेशा खुशी नहीं है। राख का मतलब सिर्फ उदासी नहीं है। जीवन का 'अनुभव-मण्डप' बहुत विराट है। राख, मिट्टी और क्ले से मैं एक खुश जंगल भी बनाता हूं, जो एक औघड़ की तरह मस्त मलंग है। शिव-तत्व है। कला दारुण दुख में भी विभोर न रहे, तो कला क्या है!'