महादेव सट्टा ऐप: CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी
CBI ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। CBI ने ये तलाशी मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के खुलासों के आधार पर की है। सौरभ चंद्राकर को ओमान सल्तनत से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। वो इस प्लेटफॉर्म के प्रमुख प्रमोटरों में से एक है।
तलाशी के दौरान सट्टेबाजी और जुए के कई पैनल संचालित होते हुए पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है।
6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी
महादेव ऐप मामले में 6 राज्यों में CBI की छापेमारी जारी है। जिनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर के नाम शामिल हैं। बता दें कि छापेमारी के दौरान की जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए भी मिले।
ओमान से प्रत्यर्पित सौरभ चंद्राकर से पूछताछ हुई
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर स्थित CBI मामलों के विशेष न्यायाधीश ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में CBI को सौंपने का आदेश दिया था।
पूछताछ में सौरभ ने प्लेटफॉर्म के कामकाज और भारत में उसके पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां दीं। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।
विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से जांच CBI को सौंपे जाने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से अपने मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) के जरिए संचालित किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के माध्यम से इसका संचालन होता था।
ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा करते थे, जिन्हें विशेष रूप से दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला चैनलों के माध्यम से विदेश भेजी जाती थी।
अभी सौरभ चंद्राकर ED हिरासत में
सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।लेकिन शुक्रवार को ED ने उसे अरेस्ट कर 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। CBI ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच एजेंसी को सौंपी थी। इसके बाद दो FIR दर्ज की गई थीं।
अब जांच में विदेश में बैठे अन्य आरोपियों, सट्टा नेटवर्क चलाने में मदद करने वालों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों से कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।
बैंक खाता-सिम देने पर भी होगी कार्रवाई
एजेंसी ने लोगों को चेताया है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ गैरकानूनी हैं। किसी दूसरे व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज देना भी अपराध है। ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।