• सिवनी में कपल को गांजे के केस में फंसाने की धमकी, ASP, DSP, TI समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

    सिवनी में एक होटल में कपल को पैरेंट से बात कराने नहीं तो बैग में गांजा डालकर फंसाने की धमकी देते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। मामला सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एएसपी दीपक मिश्रा समेत सभी पुलिस वालों को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है।

    सिवनी/ भोपाल, 19 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के सिवनी से पुलिवालों का एक ऐसा वीडियो सामने आया था, जिससे वर्दी को ही शर्मसार होना पड़ा. होटल में पुलिसकर्मियों ने एक कपल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और कहा कि इसके बैग में गांजा रख दो. बाद में होटल संचालक ने भी कहा कि उससे हर महीने 50000 रुपए मांगे जा रहे हैं. अब इस मामले में 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.

    दरअसल, सिवनी के  होटल में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कपल को गांजे के मामले में फंसाने की धमकी देने का वीडियो वायरल हुआ था. इसमें एडिशल एसपी दीपक मिश्रा कहते हुए नजर आ रहे हैं कि इसके बैग में गांजा रख दो और फंसा दो. वह कपल से कहते हैं कि अपने माता-पिता को बुलाकर लाओ, नहीं तो बैग में गांजा रख देंगे. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वह उनसे बदसलूकी कर रहे हैं.

    चार पुलिसकर्मियों को किया गया सस्पेंड
    जैसे ही झूठे में फंसाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, तो सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि पुलिस को किसी को कैसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे सकती है, जबकि उसके पास ही जनता की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी होती है. वीडियो में सीएसपी चंचलेश मरकाम, एएसपी दीपक मिश्रा और टीआई सतीश तिवारी भी दिखाई दे रहे हैं.

    वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं: सीएम

    सीएम मोहन यादव ने मामले में ट्वीट करते हुए बताया है कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं. इसके अलावा जांच के आदेश भी दिए गए हैं.

    'एक्स' पर ट्वीट करते हुए मोहन यादव ने लिखा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।

    सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

    प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    होटल संचालक ने हर महीने 50 हजार मांगने का लगाया आरोप
    दूसरी तरफ होटल संचालक ने भी पुलिसकर्मियों पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था. उनका यह भी आरोप है कि टीआई सतीश तिवारी हर महीने 50000 देने का दबाव डाल रहे थे। पिछले महीने 20000 दिया था। इससे भी संतुष्ट नहीं हुए और होटल में बार-बार छापा मारकर ग्राहकों को परेशान करने लगे। उन्होंने यह भी बताया कि छापे के बाद हर बार पुलिस सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के डीवीआर ले जाती थी। इस बार उसने आवाज कैप्चर करने वाला एक अलग से हिडन कैमरा लगाया था। जिसमें पुलिस की ज्यादती रिकॉर्ड हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने यह कार्रवाई की है. अब देखने वाली बात ये होगी कि जांच के बाद क्या सामने आता है.

    सीनियर अफसरों की भूमिका की हो रही जांच
    जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि कल एक वीडियो वायरल हुआ था. मामले की जांच चल रही है. फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी है. DIG छिंदवाड़ा को आदेश दिया गया है कि इसकी रिपोर्ट दें. होटल मालिक से फोन पर मैंने बात की है और उनसे कहा है कि जो भी तथ्य वह जांच देना चाहते हैं. पुलिस को दे सकते हैं.