• बलौदाबाजार में दिल दहलाने वाली घटना, मां और दो मासूम बच्चे घर पर मृत पाए गए

    बलौदाबाजार, 20 नवंबर 2026। जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक घर के कमरे में 28 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उसके बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10 वर्ष) और छोटे बेटे दिव्यांश मानिकपुरी (करीब 5 वर्ष) के रूप में हुई है.

    घटना की सूचना मिलते ही गिरौदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है. परिजनों और गवाहों से पूछताछ में महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह की बात भी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

    सुबह चार बजे मिली तीन मौतों की सूचना

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत की सूचना मिली. सूचना मिलते ही गिरौदपुरी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा. महिला युक्ति मानिकपुरी और उसके दोनों बच्चों के शव घर के कमरे में ही मिले. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया.

    पारिवारिक कलह की बात आई सामने

    पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतिका और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह होने की बात परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ में सामने आई है. इसी आधार पर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया पुलिस को जहर सेवन से मौत होने की आशंका है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

    बलौदाबाजार एडिशन एसपी खोमन सिन्हा का प्रथम दृष्टया जहर सेवन की आशंका है. वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है-, एएसपी, 

    पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

    मामले में ग्राम सुकली निवासी चैनदास मानिकपुरी की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है. तीनों शवों का विधिवत पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजा गया. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

    एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं कि मां और उसके दोनों बच्चों की जान चली गई? क्या यह जहर सेवन का मामला है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है? सारे सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद मिल सकेगा.