रात साढ़े 3 बजे मेरे मां-बाप को परेशान किया: दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्हें 'वर्दीधारी गुंडे' बताया है। उन्होंने हिरासत के दौरान दादी के निधन पर फोन न देने और वकील से बात का भी जिक्र किया।
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक और रविवार को ही हिरासत से रिहा हुए अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर और तीखे आरोप लगाए हैं। पुलिस हिरासत के दौरान उन्हें अपनी दादी के निधन की खबर मिलने और उसके बाद हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए दीपके ने दिल्ली पुलिस को 'वर्दीधारी गुंडे' करार दिया है।
साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर भी जमकर निशाना साधा है। यह भी कहा कि रात में साढ़े तीन बजे उठाकर उन्हें माता-पिता से बात करने को कहा गया।
'दादी के निधन के बाद भी फोन देने से किया इनकार'
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि हिरासत में रहने के दौरान जब पुलिस ने उन्हें उनकी दादी के निधन की जानकारी दी, तो उन्होंने अपने गांव में कजिन को फोन करने के लिए केवल दो मिनट का समय मांगा ताकि वे अपने फोन से नंबर निकाल सकें।
उन्होंने कहा कि उन्हें नंबर याद नहीं था, इसलिए उन्होंने सिर्फ दो मिनट के लिए अपना फोन मांगा था, जिसे पुलिस ने देने से साफ मना कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कानूनन उन्हें अपने वकील से बात करने का अधिकार है, लेकिन पुलिस ने इसकी भी अनुमति नहीं दी। वहीं अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर एक और आरोप लगाते हुए कहा कि 3:30 बजे रात को मेरे मां-बाप को फोन कर मेरी गिरफ्तारी की सूचना देने को कहा गया। ताकि मेरे मां बाप सदमे में आ जाए। जबकि दिन भर मुझको गिरफ्तार करके रखा गया। दिन में उन्हें सूचना नहीं दी।