• लोगों से देश बनता है: अलंग

    रायपुर, 17 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल द्वारा  वृंदावन हॉल रायपुर में राष्ट्रधर्म और राजनीतिक कर्म विषय पर स्थानीय साहित्यकारों की परिचर्चा और काव्य प्रतियोगिता रखी गई। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर    आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. संजय अलंग (सेवानिवृत्त आई.ए. एस.) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. हर्षवर्धन तिवारी  ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ थे। विगत चौदह नवम्बर को आयोजित इस कार्यक्रम में  संस्था के अध्यक्ष आचार्य अमरनाथ त्यागी सहित  अम्बर शुक्ला अम्बरीश, डॉ. जे.के.डागर और डॉ. महेंद्र ठाकुर तथा कई साहित्यकार और काव्य -रसिक प्रबुद्धजन  उपस्थित थे।

    काव्य प्रतियोगिता में तेजपाल सोनी को पहला,  राम गोपाल शुक्ला  को दूसरा और सुषमा पटेल को तीसरा स्थान मिला। इस अवसर पर परिचर्चा में  डॉ. संजय अलंग ने कहा कि  राष्ट्र के साथ रहना ही राष्ट्र प्रेम है। लोगों से देश बनता है।  डॉ. माणिक विश्वकर्मा 'नवरंग' ने कहा, ​राष्ट्र सामाजिक सह- अस्तित्व का सर्वोच्च प्रतीक और मानव चेतना का विस्तार है। ​राजनीति केवल शासन करने का साधन नहीं, बल्कि व्यवस्था, न्याय और विकास को दिशा देने वाली धुरी है। ​जब राजनीतिक कर्म राष्ट्र धर्म यानी 'वसुधैव कुटुम्बकम्' से जुड़ता है, तो वह सेवा और सत्यनिष्ठा का मार्ग बन जाता है।

    डॉ. हर्षवर्धन तिवारी ने सभी रचनाकारों को चिंतन- मनन कर अपनी कविताएँ समर्पित करने पर श्रीराम-सत्य लोकहित ट्रस्ट की तरफ से बधाई दी। आचार्य अमरनाथ त्यागी ने कहा कि नीति का अर्थ सुनीति है जो राष्ट्र को उत्कर्ष पर ले जाए। इस अवसर पर सुरेंद्र रावल, भूपेंद्र शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, डॉ. उदयभान सिंह चौहान, एन.पी. विश्वकर्मा, गोपाल सोलंकी, संजीव ठाकुर, , सुषमा पटेल, रामगोपाल शुक्ला, आशा पाठक, कुमार जगदलवी , डॉ. गोपा शर्मा, छबिलाल सोनी, मन्नू लाल यदु, यशवंत चतुर्वेदी, यशवंत यदु यश, नूपुर साहू और राजू टेमरे सहित कई रचनाकारों ने कविता पाठ किया।