• पूर्ववर्ती सरकारों ने जनजातीय नायकों के इतिहास को हाशिए पर रखा: नितिन नवीन

    जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जब बंदूक की जगह खेल का मैदान लेता है, हिंसा की जगह शिक्षा लेती है और भय की जगह विश्वास पैदा होता है, तब उस क्षेत्र के विकास को कोई रोक नहीं सकता।

    रायपुर / धरमजयगढ़, 15 नवंबर 2026। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। भगवान बिरसा मुण्डा का 'उलगुलान' आंदोलन सदियों तक शोषण के विरुद्ध संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित कर आदिवासी नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सच्चा सम्मान दिलाया है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और वन अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

    भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन रविवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान पर धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती के मौके पर आयोजित जनजातीय दिवस समारोह को मुख्य अतिथि की आसन्दी से वर्चुअली सम्बोधित कर रहे थे। नवीन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह विशेष विमान से रायगढ़ के चिराईपानी स्थित ओ.पी. जिंदल एयरपोर्ट पहुँचने वाले थे, लेकिन सुबह से छाए घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उनका विमान लैंड नहीं कर सका और वापस लौट गया। प्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम स्थल पर न पहुँच पाने के बावजूद उन्होंने तकनीक के माध्यम से जुड़कर छत्तीसगढ़ की जनता और जनजातीय समाज के प्रति अपना स्नेह और प्रतिबद्धता प्रकट की। 

    भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने अपने सम्बोधन में सर्वप्रथम धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा और छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय नायकों व अमर बलिदानियों—शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुण्डाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री नवीन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का 'उलगुलान' केवल ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ विद्रोह नहीं था, बल्कि यह जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का शाश्वत उद्घोष था। आज पूरा देश उनके बलिदान के आगे नतमस्तक है। नवीन ने कांग्रेस के दशकों लंबे शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आज़ादी के बाद लम्बे समय तक देश की सत्ता में रहने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारों ने जनजातीय नायकों के इतिहास को हाशिए पर रखा और उनके लिए एक अलग मंत्रालय तक बनाने की जरूरत नहीं समझी।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित कर आदिवासी समाज के गौरव को राष्ट्रीय और वैश्विक पटल पर पुनर्स्थापित किया है। आज हमारी सरकार जनजातीय समाज को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विकास यात्रा का अग्रणी भागीदार बना रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की प्रशंसा करते हुए श्री नवीन ने प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का विशेष उल्लेख किया और कहा कि 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' और 'पीएम-जनमन' जैसी योजनाओं के माध्यम से सुदूर वनांचलों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के गाँवों तक सड़क, बिजली, पानी और पक्के मकान पहुँचाए जा रहे हैं। प्रदेश में लाखों जनजातीय परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला है। 

    धर्मांतरण और वैचारिक भ्रम से सचेत रहें: साय

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज के लोगों को धर्मांतरण के षड्यंत्रों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व आदिवासियों को "हिन्दू नहीं" बताकर समाज में भ्रम फैलाने और उन्हें उनकी मूल जड़ों व सनातन संस्कृति से काटने का प्रयास कर रहे हैं। साय ने जनजातीय समाज से अपील की कि वे ऐसे दुष्प्रचार से सावधान रहें और अपनी पारम्परिक आस्था व सांस्कृतिक एकता को अक्षुण्ण बनाए रखें।

    साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, त्याग और बलिदान से भरा रहा है। भगवान बिरसा मुण्डा के संघर्षों और 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' के उद्घोष को याद करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति से भी पहले जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूँक दिया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुण्डाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु सहित देशभर के जनजातीय महानायकों के योगदान को साय ने नमन किया।

    मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, वहीं 'पीएम-जनमन योजना' के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों की तस्वीर बदली है। केंद्र सरकार ने लघु वनोपजों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के दायरे को बढ़ाया है और 'वन धन विकास केंद्रों' के जरिए जनजातीय युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष किसानों को कोचियों और दलालों के चंगुल से मुक्त करने के लिए यह निर्णय किया गया है कि धान की उपज कम होने के बावजूद किसानों को उनके पंजीकृत रकबे पर प्रति एकड़ पूरे 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि दी जाएगी। 'महतारी वन्दन योजना' से प्रदेश की 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएँ प्रतिमाह आर्थिक सहायता पाकर सशक्त हो रही हैं। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों का संचालन हो रहा है, पिछले दो वर्षों में 90 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई है तथा दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 की गई हैं। नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय का निर्माण कर जनजातीय विरासत को सहेजा जा रहा है।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जनजाति व उप जनजाति समाज प्रमुखों सा अभिनन्दन कर उन्हें सम्मानित किया। साय ने पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव (बिरभोर भाई) और पण्डीराम मण्डावी के साथ ही माता राजमोहिनी देवी की पुत्री रामबाई, भाजपा मण्डल अध्यक्ष भरत साहू व बूथ अध्यक्ष सूरज मण्डल को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। बाद में मुख्यमंत्री ने बैगा-पुजारी सम्मान निधि, तेन्दूपत्ता संग्रहण की लाभांश राशि का बटन दबाकर लाभार्थियों के खाते में अंतरण किया।

    दशहरा मैदान में आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। मंच पर केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्रीगण रामविचार नेताम, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, दयालदास बघेल, ओ.पी. चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, गजेन्द्र यादव, भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी,  सांसदगण बृजमोहन अग्रवाल, राधेश्याम राठिया, महेश कश्यप, भोजराम नाग, कमलेश जांगड़े, चिन्तामणि महाराज, देवेन्द्रप्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, निगम-मण्डल व आयोग के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए जनजातीय समाज के लोगों ने पारम्परिक नृत्य, गीत और वाद्ययंत्रों के साथ अपनी समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया, वहीं विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।