जांजगीर-चांपा में शराब का कहर, पार्षद समेत 2 लोगों की मौत, शराब में जहर होने की आशंका
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतकों में वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और निजी क्लीनिक संचालक जोहितराम खरे शामिल हैं. शुक्रवार शाम चार लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
जांजगीर-चाम्पा, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतकों में वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और निजी क्लीनिक संचालक जोहितराम खरे शामिल हैं. शुक्रवार शाम चार लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. घर पहुंचने पर दो लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है. हालांकि, दोनों की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
शराब पीकर लौटे घर, अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, पामगढ़ में शुक्रवार शाम चार लोग एक साथ बैठे थे. शराब पी रहे थे। इसके बाद घर पहुंचने पर रामखिलावन जांगड़े और जोहितराम खरे की तबीयत अचानक खराब हो गई. शुरुआत में उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी, फिर दोनों की हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
बिलासपुर किया गया रेफर, इलाज के दौरान मौत
पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया. हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.मृतकों में एक स्थानीय पार्षद और दूसरे निजी क्लीनिक के संचालक होने के कारण घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक और चिंता का माहौल बन गया.
आखिर कैसे हुई दोनों की मौत?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दोनों की अचानक तबीयत क्यों बिगड़ी? क्या उनकी मौत शराब पीने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है. केवल शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने के आधार पर मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता. वहीं साथ में बैठकर शराब पी रहे अन्य दो लोगों से पुलिस पूछताछ कर जानकारी जूटा रही है.
पीएम रिपोर्ट में घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा
दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. संबंधित अधिकारियों की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना के पीछे जहरीली या मिलावटी शराब की भूमिका थी अथवा कोई अन्य कारण जिम्मेदार था.फिलहाल पामगढ़ में हुई इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चाएं जारी हैं और सभी की नजर जांच के निष्कर्षों पर टिकी हुई है.