• तरेगांव डकैती कांड में 3 आरोपी धरे गए, लूट के 48 घंटे बाद 12 किलो चांदी बरामद

    कवर्धा, 1 नवम्बर 2026। कबीरधाम पुलिस ने तरेगांव बंजारी घाट डकैती कांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 11 किलो 900 ग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

    दरअसल, 27 अक्टूबर को वेदप्रकाश सोनी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास डकैती की वारदात हुई थी। आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और 24 गांवों के 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया।

    पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले से रेकी कर आपसी समन्वय से वारदात को अंजाम दिया था। लूटे गए जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपाए गए थे। फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।