डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में विलीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया कंधा
बालोद, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शनिवार को उनके गृहग्राम भेंडरा (जिला बालोद) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 78 वर्षीय विधायक का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अंतिम यात्रा में शामिल होकर विधायक की पार्थिव देह को कंधा भी दिया।
मुख्यमंत्री साय ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भेंडरा गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम
संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान मौजूद लोगों ने अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
राजनीति में ‘गुरुजी’ के नाम से थी पहचान
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में ‘गुरुजी’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने शासकीय सेवा छोड़कर सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और समाजसेवा के साथ राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
उनका राजनीतिक सफर जनसेवा और क्षेत्रीय विकास से जुड़ा रहा। वे वर्ष 2008 में पहली बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज कर विधानसभा में अपनी जगह बनाई.। वर्तमान में वे अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था।
अंतिम संस्कार में कई दिग्गज नेता हुए शामिल
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को अंतिम विदाई देने के लिए खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अनुसूचित जाति विकास मंत्री खुशवंत साहेब और दुर्ग सांसद विजय बघेल, कांकेर सांसद भोजराज नाग समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक हस्ती, समर्थक और क्षेत्र के नागरिक भेंडरा पहुंचे।