• कार नदी में गिरी, हादसे में पति-पत्नी और बेटा-बेटी की मौके पर मौत, दिवाली मनाने जा रहे थे गांव..

    दर्दनाक हादसा: दिवाली की  खुशियां मातम में बदल गई। गरियाबंद के रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए अपने पैतृक गांव जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

    रायपुर, 9 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दिवाली मनाने अपने पैतृक गांव जा रहे एक परिवार की कार महानदी में गिर गई। इस हादसे में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। घटना रविवार रात को रायपुर जिले के चंपारण पुलिस चौकी इलाके में स्थित टीला गांव के पास महानदी पर बने एक संकरे पुल पर हुई। घटना की जानकारी सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने दी। 

    हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसे में मृतकों की पहचान शीतल प्रसाद साहू (44), उनकी पत्नी भारती (40), बेटी पूर्वा (21) और बेटे विकास (18) के रूप में हुई है। 

    गरियाबंद जिले के रहने वाले थे
    अधिकारियों ने बताया कि शीतल अपने परिवार के साथ रायपुर के लक्ष्मी नगर इलाके में रहते थे। शीतल एक मीडिया हाउस में काम करते थे। वे दिवाली मनाने के लिए पड़ोसी गरियाबंद जिले के पसौद गांव जा रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे शीतल ने अपने भाई को फोन पर बताया कि वे रायपुर से निकल चुके हैं और डेढ़ घंटे में गांव पहुंच जाएंगे। काफी देर तक जब वे घर नहीं पहुंचे तब परिवार वालों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद उन्होंने उनकी तलाश शुरू की गई। टीला गांव के पास पुल से गुजरते समय परिवार के सदस्यों ने नदी में एक कार देखी और पुलिस को इसकी सूचना दी। 

    खोजबीन की तो नदी में दिखी कार
    अधिकारियों ने बताया कि खोजबीन के दौरान टीला गांव के पास पुल से गुजरते समय परिवार के लोगों को नदी में कार दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के नदी से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना रात डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। कार एनीकेट का पिलर तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। आशंका जताई जा रही है कि कार नदी में डूब गई और परिवार के सभी सदस्य बाहर नहीं निकल पाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।