• कवर्धा: व्यापारियों को बंधक बनाने के आरोपी कामू बैगा गिरफ्तार

    मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले गिरोह पर सोमवार को कवर्धा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में कामू बैगा का नाम सामने आया है, जो पूर्व में भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।

    कवर्धा, 9 नवंबर 2026। कवर्धा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मवेशी व्यापारियों को जंगल में बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कामू बैगा सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तीन मवेशी व्यापारियों को चढ़चौड़ा जंगल में घेरकर पहले मारपीट की, फिर नगदी और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी और अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपये बैंक खाते में जबरन ट्रांसफर कराए। खास बात यह है कि इस मामले में कामू बैगा का नाम सामने आया है, जो पूर्व में भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।

    दरअसल, पूरा मामला थाना भोरमदेव क्षेत्र के चढ़चौड़ा जंगल का है। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने दो साथियों गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे हुए 9 मवेशियों को बेचने के लिए मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम सारसडोल जा रहे थे।

    इसी दौरान रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास तीनों व्यापारी मवेशियों के साथ आराम कर रहे थे। तभी ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और व्यापारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर व्यापारियों को अपने कब्जे में ले लिया।

    आरोपियों ने कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद तीनों व्यापारियों को जबरन ग्राम केसदा की ओर ले जाया गया और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

    आरोपियों ने व्यापारियों पर दबाव बनाकर अपने बताए बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। फिरौती की रकम मिलने के बाद ही तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ा गया।

    पीड़ित की शिकायत पर 8 नवंबर को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

    तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ितों के बयान के आधार पर संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की गई। पूछताछ में चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कामू बैगा, चंदन सिंह धुर्वे, महेश धुर्वे और सुरेश धुर्वे को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा कामू बैगा के बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार चारों आरोपी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 9 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

    फिलहाल इस पूरे मामले में चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। कबीरधाम पुलिस ने मवेशी व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि खरीद-बिक्री और परिवहन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी तरह की धमकी, लूटपाट या जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।