• चार हाथियों के दल ने मचाया उत्पात, दो घरों को तोड़ा, शादी के लिए रखे 8 बोरी चावल खा गए

    कवर्धा, 23 नवंबर 2026। कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। बीती रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चार हाथियों के दल ने ग्राम पंचायत केसमरदा के अंतर्गत कावलधारा झरना के ऊपर बसे मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बुधसिंह बैगा और सोना बैगा के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं बुधसिंह बैगा ने अपने घर में शादी के लिए 9 बोरी चावल रखे थे, जिसमें से करीब 8 बोरी चावल हाथी खा गए और बाकी खाद्य सामग्री को इधर-उधर बिखेर दिया। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। 

    वहीं रविवार को भी जिले के ढोलबज्जा और खरिया क्षेत्र में दंतेल हाथी के दल ने जमकर उत्पात मचाया। किसानों के धान की फसल को रौंद दिया। उनके गन्ने की खेती को भी काफी नुकसान पहुंचाया। वनांचल स्थित गांवों में किसान रातजगा कर अपनी मेहनत की फसल को बचाने रखवाली कर रहे हैं। रविवार को धान के खेत से हाथी भगाते समय एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। वह बाल-बाल बचा। जिले में अब तक हाथी के हमले से एक महिला की मौत हुई है और एक व्यक्ति रूप से गंभीर रूप से घायल हुआ है। वन विभाग की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।