गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी सस्पेंड
कबाड़ कारोबारी से 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी द्वारा गिरफ्तार जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर को निलंबित कर दिया गया है। शनिवार को एसीबी ने उन्हें और उनके एक सहयोगी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा था। छापे की भनक लगते ही रिश्वत के पैसे को नाली में फेंक दिया था।
रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त आंचल गिरी को रिश्वतखोरी के आरोप में निलंबित किया गया है। उन पर एक कबाड़ी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार को उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने निलंबन का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, आंचल गिरी द्वारा कर्तव्य के दौरान रिश्वत की मांग गंभीर लापरवाही मानी गई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का पालन नहीं किया। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जगदलपुर संभाग रहेगा। उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, आँचल गिरी ने एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद कारोबारी ने इसकी शिकायत ACB से की थी।
कारोबारी पैसे लेकर पहुंचा था
स्क्रैप कारोबारी की शिकायत के बाद ACB की टीम ने जांच की। जांच सही पाए जाने के बाद शनिवार को ACB की टीम ने अधिकारी के घर पर रेड मारी। ACB की प्लानिंग के अनुसार, कारोबारी पैसे लेकर पहले ही अधिकारी के घर पहुंचा था। हालांकि रेड की भनक लगते ही साथी इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। अधिकारी अंचला गिरी और इमरान को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई जगदलपुर ACB की टीम ने की है।
शिकायतकर्ता कारोबारी का नाम मोहम्मद शोएब रंगरेज है। अपनी शिकायत में शोएब रंगरेज ने बताया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप के लिए जा रही थी। गाड़ी का बिल होने के बाद भी उसे अंचला गिरी ने रोक दिया। इस दौरान उन्होंने 10 लाख रुपये की पेनाल्टी मांगी। जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ 3 लाख रुपये थी।
गाड़ी छोड़ने के लिए मांगे 2 लाख
कारोबारी के मुताबिक, अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपए मांगे गए, फिर डेढ़ लाख रुपए देने की बात हुई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।