कवर्धा में खरीदी केंद्र का धान बारिश से भींगा
कवर्धा, 21 नवंबर 2026। कबीरधाम जिले के बेदरची और तमरुआ धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था का मामला सामने आया है। चक्रवाती तूफान अकवान के चलते सुबह से हो रही बारिश ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। केंद्र में पर्याप्त तिरपाल नहीं होने के कारण खुले में रखा धान बारिश के पानी में भीग रहा है। ऐसे में किसानों की मेहनत और सरकारी धान की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तस्वीरें कबीरधाम जिले के बेदरची व तमरुआ धान खरीदी केंद्र की हैं, जहां बारिश के बीच धान को सुरक्षित रखने के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। तिरपाल की कमी के चलते खुले में रखा धान पानी में भीग रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी और बारिश की आशंका के बावजूद व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं। अब सवाल यह है कि यदि पानी में भीगने से धान खराब होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? आखिर धान की सुरक्षा में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी।