• व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में तेलुगु समाज ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से बनाई विशिष्ट पहचान

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए और समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योगदान की सराहना की।

    रायपुर 21 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने तेलुगु समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम तथा उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ की प्रगति में तेलुगु समाज का योगदान सराहनीय है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को भी अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी हमारी विविधता में एकता की भावना को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सांस्कृतिक विविधता है और विभिन्न भाषाओं एवं परंपराओं का यही सुंदर संगम हमारी राष्ट्रीय एकता की शक्ति है।

    मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच दशकों का यह सफर केवल एक संगठन की उपलब्धियों का इतिहास नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। आंध्रा एसोसिएशन ने समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग अपनी मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की इस कर्मठता और सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के औद्योगिक विकास को निरंतर मजबूती मिली है।

    सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों तथा अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

    इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।