• देश की आज़ादी और जल, जंगल, ज़मीन के लिए भी था लालसाय मांझी का संघर्ष

    आज़ादी के महान योद्धा की याद में उनके गाँव में हुआ गौरव दिवस का आयोजन ; दिन भर हुए कार्यक्रम।
    रायपुर, 23 नवम्बर 2026। अंग्रेजों की गुलामी के खिलाफ़ आज से लगभग 166 साल पहले अमर शहीद लालसाय मांझी का संघर्ष सिर्फ़ देश की आज़ादी के लिए नहीं बल्कि जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए भी था । उन दिनों अंग्रेजों की हुकूमत भारत के जंगलों की ठेकेदारी प्रथा शुरू कर रही थी , जिससे वन -क्षेत्रों के निवासियों, विशेष रूप से आदिवासियों में आक्रोश पनप रहा था । इस तरह के कई ऐतिहासिक तथ्य 22 नवम्बर को छत्तीसगढ़ से लगे हुए पश्चिम ओड़िशा के नुआपाड़ा जिले में अमर शहीद, आदिवासी क्रांतिकारी लालसाय मांझी की याद में उनके गृह ग्राम तानवट में  हुए गौरव दिवस समारोह में सामने आए । उनके सम्मान में वहाँ गौरव दिवस के आयोजन का यह दूसरा वर्ष था।  इस आयोजन के लिए तानवट में स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने शहीद लालसाय मांझी स्मृति परिषद का गठन किया है ।आयोजन में दिन भर कई कार्यक्रम हुए । 

    द्वितीय गौरव दिवस समारोह में बताया गया कि अंग्रेज सरकार ने तानवट के ज़मींदार लालसाय मांझी को 22 नवम्बर 1860 को गिरफ्तार किया था और कालेपानी की सजा देकर उन्हें अंडमान द्वीप भेज दिया था। उन पर सोनाखान (छत्तीसगढ़ ) के अमर शहीद वीर नारायण सिंह के सुपुत्र गोविन्द सिंह और सम्बलपुर के निकट घेस (ओड़िशा) के ज़मींदार रहे अमर शहीद माधो सिंह के सुपुत्र कुंजल सिंह जैसे  योद्धाओं को शरण देने का भी आरोप लगाया गया था। लालसाय मांझी कालेपानी की सजा से कभी नहीं लौट पाए। उन्हीं दिनों माधोसिंह के एक सुपुत्र हटेसिंह को भी अंग्रेज सरकार ने कालेपानी की सजा दिलाकर अंडमान भिजवा दिया था । वे भी वहाँ से कभी वापस नहीं आ सके।

    उल्लेखनीय है कि ग्राम तानवट सहित नुआपाड़ा जिले का यह अंचल पहले ब्रिटिश -प्रशासित छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले का और महासमुंद तहसील का हिस्सा था। वर्ष 1936 में अंग्रेज सरकार द्वारा किए गए राज्यों के पुनर्गठन  में यह क्षेत्र ओड़िशा में चला गया।  लालसिंह मांझी के संघर्ष और उनकी शहादत को याद करने के लिए  तानवट में कल रविवार को मनाए गए गौरव दिवस के अवसर पर सुबह पारम्परिक गाजे -बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इसमें  महासमुंद (छत्तीसगढ़ ) के पूर्व लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू सहित नुआपाड़ा जिले के अनेक वरिष्ठजन और तानवट के स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीण महिलाएँ पारम्परिक परिधानों में सजकर कलश लेकर चल रही थीं।

    दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मंचीय संबोधन का कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कालाहांडी की लोकसभा सांसद मालविका सिंह देव, विशेष अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बसंत पण्डा, नुआपाड़ा के विधायक जय ढोलकिया, महासमुंद के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, बरगढ़ निवासी इतिहासकार प्रोफेसर जगदीश मिश्रा और राजा खरियार निवासी इतिहासकार डॉ. फणिंदम सिंहदेव सहित नुआपाड़ा जिले के अनेक जन प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। विद्वान वक्ताओं ने लालसाय मांझी के अलावा सम्बलपुर के वीर सुरेन्द्र साय के संघर्षो का भी उल्लेख किया।

    इतिहासकारों ने लालसाय मांझी के संघर्षो में उनकी धर्मपत्नी सुनिया देवी के योगदान को भी याद किया, वहीं इतिहासकार प्रोफेसर जगदीश मिश्रा और इतिहासकार डॉ.फणिंदम सिंहदेव का कहना था कि लालसाय मांझी का संघर्ष देश की आज़ादी  के लिए तो था ही, उनका संघर्ष वनवासियों के जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए भी था, वे अंग्रेज सरकार द्वारा शुरू की जा रही जंगलों की ठेकेदारी प्रथा के भी खिलाफ़ थे और अंग्रेजी सेना के खिलाफ़ गुरिल्ला युद्ध भी करते थे। इस क्षेत्र में हुए स्वतंत्रता संग्राम पर रिसर्च से और भी कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं ।
    गौरव दिवस के इस आयोजन में शहीद लालसाय मांझी के अनेक परिजन भी  उपस्थित थे। पिथौरा (छत्तीसगढ़) से साहित्यकार स्वराज्य करुण और प्रवीण प्रवाह  भी  इस आयोजन में शामिल हुए।

    महासमुंद के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने अपने सम्बोधन में नुआपाड़ा जिला अस्पताल का नामकरण शहीद लालसाय मांझी के नाम पर करने का सुझाव दिया। स्वराज्य करुण ने अपने सम्बोधन में लालसाय मांझी के गाँव तानवट को वीरभूमि बताते हुए कहा कि अब तक अल्पज्ञात रहे स्वतंत्रता संग्रामी लालसाय मांझी के कठिन जीवन संघर्ष को छत्तीसगढ़ और हिन्दी क्षेत्र में सामने लाने का अथक प्रयास चुन्नीलाल साहू ने किया है। साहू ने वर्ष 2025 में प्रकाशित अपनी पुस्तक 'कोसल के क्रांतिवीर' में वीर नारायण सिंह और माधोसिंह जैसे क्रांतिवीरों के साथ लालसाय मांझी के संघर्षो का भी उल्लेख किया है। कार्यक्रम में जहाँ पूर्वान्ह आदिवासी किशोर -किशोरियों ने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीत- 'जेहर रखे तीर कमान -दुनिया वाले जानो हम आदिवासी आन ' पर समूह नृत्य किया, वहीं शाम को कार्यक्रम के समापन से पहले अंचल की युवतियों ने पश्चिम ओड़िशा  का लोकनृत्य प्रस्तुत किया।