• दो महीने से आंदोलनरत पुलिस अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरी भीम आर्मी और आदिवासी समाज

    कवर्धा, 27 अक्टूबर 2026। कवर्धा में पुलिस भर्ती के 1600 रिक्त पदों को दोबारा भरने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को अब भीम आर्मी और आदिवासी समाज का समर्थन मिला है। सोमवार को भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद और आदिवासी समाज के नेता डॉ. जे. लिंगो अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ अभ्यर्थियों के समर्थन में पहुंचे। अभ्यर्थियों का कहना है कि दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई जवाब नहीं मिला है। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 1600 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

    भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद ने कहा कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका संघर्ष जारी रहेगा। मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। वहीं, आदिवासी समाज के नेता डॉ. जे. लिंगो ने अभ्यर्थियों की मांग को जायज बताते हुए रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और समर्थकों को मौके पर ही रोक दिया।

    अब देखना होगा कि दो महीने से आंदोलन कर रहे पुलिस अभ्यर्थियों की मांगों पर राज्य सरकार कब तक निर्णय लेती है।