• आधी रात विवाहिता के घर घुसे बीजेपी नेता, 4 घंटे बाद बाहर निकले तो पति ने पीटा, वीडियो वायरल

    सूरजपुर में भाजपा नेता व पार्षद की पिटाई और भागते हुए कथित वीडियो वायरल हुआ है।

    सूरजपुर, 25 नवंबर 2025। सूरजपुर में एक वार्ड के पार्षद व जिला भाजपा मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग की सोमवार की रात एक विवाहित महिला के घर से बाहर निकलते और पिटाई होते एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है।  मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता आधी रात महिला के घर घुस गए और करीब चार घंटे बाद बाहर आए तो महिला के पति राजेश सोनी ने जमकर पिटाई की. इस पूरे घटनाक्रम के कथित वीडियो में पार्षद मुंह छुपाते हुए भागते हुए नजर आ रहे हैं।

    रात 10:30 बजे घुसे 2.20 बजे निकले

    महिला के पति की तरफ से पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक पार्षद रात करीब 10:30 बजे उसकी पत्नी के साथ घर पहुंचे थे। उस समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पति राजेश सोनी का दावा है कि उसे घर के भीतर से अजीब आवाजें सुनाई दीं।इसके बाद उसने बाहर से दरवाजा लॉक कर दिया और आसपास के लोगों को बुलाने के साथ पुलिस को भी खबर दे दी।

    मौके पर पहुंची पुलिस, नहीं खुला दरवाजा

    खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस वहां से लौट गई. वायरल वीडियो के अनुसार करीब चार घंटे बाद जब पार्षद घर से बाहर निकले तो वहां मौजूद पति राजेश सोनी और उसके भाई ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने पार्षद के साथ मारपीट की। इस दौरान पार्षद किसी तरह वहां से भागने में कामयाब रहे।हालांकि "आज की आवाज़ डॉट इन" वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं कर रहा है।

    पहले से अदालत में लंबित है पति-पत्नी का विवाद

    पति ने शिकायत में यह भी बताया है कि उसका पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है. इसी बीच पार्षद के देर रात घर पहुंचने की घटना ने पूरे मामले को और तूल दे दिया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की है.

    फिलहाल इस मामले को लेकर सूरजपुर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर भी कथित घटनाक्रम और सीसीटीवी फुटेज को लेकर चर्चा हो रही है।