• छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं हमारे कंटेंट क्रिएटर्स : CM साय

    रायपुर, 25 नवंबर 2026. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपने कैमरे और रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की ऐसी सुंदर तस्वीर देश-दुनिया के सामने ला रहे हैं, जिससे प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पहचान मिल रही है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के विषयों को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में क्रिएटर्स का योगदान अहम हो सकता है।

    जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में अवॉर्ड्स

    कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

    पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर : जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का बड़ा पाठ

    कार्यक्रम में पॉडकास्ट शैली में युवा क्रिएटर्स से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

    कंटेंट क्रिएटर्स से पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की अपील

    मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से अपील की कि वे बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को भी डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने में क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दे सकती है और उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
    उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी प्रेरित किया।

    मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ खिंचवाई सेल्फी, पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान, यहां की लोकसंस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।