• छत्तीसगढ़ में बस सफर हुआ महंगा, बस किराए में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि

    Bus Fare Hike: त्योहार से पहले छत्तीसगढ़ में बस में सफर करना बहुत महंगा हो गया है। राज्य शासन ने यात्री बसों के भाड़े में 40% तक की बढ़ोतरी की है। किराया बढ़ने से यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ गया है।
    रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। शक्कर, गेहूं, चावल और दाल के दामों के बीच अब बस किराए में बढ़ोतरी ने आम यात्रियों का बजट बिगाड़ दिया है। परिवहन विभाग की नई अधिसूचना के अनुसार, साधारण बसों का किराया 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.75 रुपए कर दिया गया है। यानी प्रति किलोमीटर 50 पैसे की वृद्धि हुई है, जो करीब 40 प्रतिशत है। नई दरें लागू होने से लंबी दूरी के यात्रियों के साथ रोजाना नौकरी और पढ़ाई के लिए सफर करने वालों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

    डीलक्स और एसी बसों के किराए में भी वृद्धि
    नई दरों के अनुसार, साधारण बस में पहले पांच किलोमीटर के लिए 10 रुपए और इसके बाद प्रति किलोमीटर 1.75 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। डीलक्स बस में पहले पांच किलोमीटर के लिए 12 रुपए और आगे 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर देने होंगे। डीलक्स एसी स्लीपर व सेमी-स्लीपर का किराया 3.20 रुपए तथा वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों का किराया 3.30 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया है। रात्रिकालीन साधारण बस सेवाओं में 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगेगा।

    कुछ श्रेणियों को किराए में छूट
    अधिसूचना में नेत्रहीन, गंभीर रूप से दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, एचआईवी पीडि़तों और अधिसूचित अन्य श्रेणियों के लिए किराए में छूट का प्रावधान किया गया है। हालांकि, सामान्य यात्रियों को बढ़े हुए किराए का भुगतान करना होगा।

    रोजाना सफर करने वालों का बढ़ेगा खर्च
    भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव और आसपास के शहरों में नौकरी, पढ़ाई व कारोबार के लिए प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थियों और कम आय वाले कामकाजी लोगों का मासिक यात्रा खर्च भी बढ़ेगा। पहले से महंगी खाद्य सामग्री और दूसरी जरूरी वस्तुओं के बीच किराया बढऩे से घरेलू बजट पर दबाव बढऩा तय है।

    पढ़ें नोटिफिकेशन