जशपुर में दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, माता-पिता और बेटे ने दम तोड़ा
मिली जानकारी के अनुसार बेटी के लिए रिश्ते की बात करके लौट रहे बाइक सवार मां-बाप और बेटे को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
जशपुर, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर मैनी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी चौक के पास की है। एक ही परिवार के तीन सदस्य बाइक से सरडीह गांव में अपने रिश्तेदार के घर बेटी की शादी की बात करने गए थे। वहां से वे अपने गांव सामरबार लौट रहे थे। इसी दौरान बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में माता-पिता और उनके बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना में सामरबहार के ग्राम कोटवार नईहर साय (45), उनकी पत्नी शांति बाई (40) और बेटा वृषानंद साय (18) की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद सभी के शव परिजनों को सौंप दिया गया। एक साथ मां-बाप और बेटे की अर्थी को देखकर गांव वाले रोने लगे और माहौल बड़े गमगीन हो गया। नईहर साय ने अपने पीछे 20 और 13 साल की 2 बेटियों और 10 साल के एक बेटा को अनाथ छोड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।