झुंझुनूं में करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत, हाईटेंशन लाइन की संपर्क में आई रोड़ी मिलाने वाली मशीन
Rajasthan : छापोली गांव में हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। करंट लगने की वजह से तीन मजदूर भी गंभीर से घायल बताए जा रहे हैं।
झुंझुनूं, 2 नवम्बर 2026। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने के आठ मजदूरों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुआ। इस हादसे में चार मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए सबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तुरंत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
उदयपुर वाटी के थानाधिकारी रामपाल ने बताया कि छापोली गांव में कदम कुंड की तरफ जाने वाली सड़क बनाने काम चल रहा था। इस दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गई। उसमें करंट फैल गया और काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।
घटना की जांच के आदेश
राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हीरालाल नागर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, ‘सड़क का निर्माण जन सहयोग से किया जा रहा था और यह काम निजी स्तर पर छोटे पैमाने पर हो रहा था।’ उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। अगर कोई विभागीय या तकनीकी चूक पाई जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी।