राहुल बोले: वोट चोरी पर ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा; रामलीला में रविवार को उमड़ा जनसैलाब
रामलीला मैदान की रैली में रविवार को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इंडिया ब्लॉक के तमाम बड़े नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सोनिया गांधी समेत अन्य शामिल हुए।
नई दिल्ली, 2 नवंबर 2026। दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली हुई। मिंटो रोड से होते हुए विपक्ष के बड़े नेता और कार्यकर्ता रामलीला मैदान तक मार्च करते हुए पहुंचे। महारैली के मंच पर सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के सभी बड़े नेता मौजूद थे। AISA की नेहा बोरा ने भी मंच को सम्बोधित किया। विपक्ष की ओर से रैली में मांग उठाई गई मुख्य मांग हैं- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा या पद से हटाया जाना। SIR प्रक्रिया पर तत्काल रोक। चुनावों में EVM की जगह बैलेट पेपर की वापसी। मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव,फारुख अब्दुल्ला, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती के बाद राहुल गांधी ने मंच संभाला। उन्होंने पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार पर जमकर निशाना साधा। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह किसी से नफरत नहीं करते, लेकिन यह लोग देश के संविधान, देश की आत्मा पर हमला कर रहे हैं। वह ऐसा नहीं होने देंगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाखों की भीड़ रविवार को रामलीला मैदान में उमड़ पड़ी थी।
भाजपा नेताओं को सपने में भी कांग्रेस दिख रही है- पवन खेड़ा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "इन लोगों को तो अब सपने में भी कांग्रेस दिखाई देने लगी है। पहले तो इन्हें नींद आने में दिक्कत होती है, और जब नींद आती भी है, तो सपने में कांग्रेस दिखती है। यह डर देखकर अच्छा लग रहा है, उनसे कहिए कि अब वे अपने दिन गिनना शुरू कर दें, उनके जाने का समय आ गया है। वे जाने वाले गृह मंत्री हैं... गृह मंत्री सब देख रहे हैं, इसीलिए वे इस तरह की बातें कर रहे हैं। यह एक बेहद सफल रैली थी। मैं पिछले 30 सालों से रामलीला मैदान में हो रही रैलियों को देख रहा हूं, और मैंने इतनी बड़ी रैली पहले कभी नहीं देखी। यह बहुत ही सफल रैली रही। रामलीला मैदान तो मुख्य केंद्र था ही, लेकिन पूरे शहर में भीड़ ही भीड़ नज़र आ रही थी।"
बंगाल और बिहार में हुए चुनाव पूरी तरह से फर्जी थे- तेजस्वी यादव
राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने रामलीला ग्राउंड में सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यह एक दिखावटी चुनाव था। मैंने पहले भी मांग की थी। बंगाल और बिहार में हुए चुनाव पूरी तरह से फर्जी थे। वहां फिर से चुनाव कराए जाने चाहिए। बिहार में अभी जो MLC चुनाव हो रहे हैं, वे बैलेट के जरिए हो रहे हैं। अब BJP बहुत बड़ी मुसीबत में है।उन्हें अपना खाता खोलने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। वे अपनी ही सीटें हार रहे हैं। BJP देश की जनता चाहती है कि लोकतंत्र को कुचलने वालों को सबक सिखाया जाए, और वे चाहते हैं कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज हो।"
वोट बचाओ, देश बचाओ का संदेश लोगों तक पहुंच गया है- शशि थरूर
रामलीला ग्राउंड में विपक्ष की रैली में भारी भीड़ जुटी है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए पीएम मोदी और अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। इस पूरे घटनाक्रम पर शशि थरूर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें भीड़ दिखाई दे रही है। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "इंडिया गठबंधन के नेताओं के शानदार लेकिन संक्षिप्त भाषणों के बाद, राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे को सीधे तौर पर उठाया है। आज लोगों की भारी भीड़ यह साफ कर देती है कि वोट बचाओ, देश बचाओ का संदेश लोगों तक पहुँच गया है।"
रामलीला ग्राउंड में विपक्ष का प्रदर्शन जोरों पर था ।कर्नाटक से आए कांग्रेसी कार्यकर्ता अपने साथ कपड़े पर वोटर लिस्ट प्रिंट करवाकर लाए। कई मीटर लंबी इस पूरी लिस्ट को कई दर्जन कार्यकर्ता अपने हाथों में लेकर चलते हुए दिखाई दिए। इनका दावा है कि यह सभी नामों को एसआईर के चलते वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। वही मीडिया का आरोप है कि रामलीला मैदान के आसपास पुलिस ने जैमर की गाड़ी खड़ी कर रखी थी। इंटरनेट धीरे होने के कारण पत्रकार अपने दिन भर की रिपोर्टिंग सेंड नहीं कर पा रहे थे।
आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे जरूरी- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि हर भारतीय की आवाज हमारे लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें इस देश से नफरत मिटानी है। नरेंद्र मोदी ने इस देश में नफरत फैला दी है। इस देश को नफरत से बचाना है। देश चिल्ला रहा है हमें नफरत नहीं चाहिए , हमें मोहब्बत चाहिए। यह हिंदुस्तान का हर नफरत को हटाना चाहता है। हिंदुस्तान का हर नागरिक मोहब्बत चाहता है। एक बार फिर यह देश सही रास्ते पर चलने जा रहा है। आप आए और आपने यहां पर प्यार से… मोहब्बत से काम किया है। आपने मैसेज भेजा है। नरेंद्र मोदी…. अमित शाह.., ज्ञानेश कुमार को नहीं। मुझे खराब लग रहा है कि ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता, लेकिन उसने सबसे बड़ा क्राइम किया है कि उसने देश का गला घोंटा है। इसलिए रात को वह सो नहीं पाएगा। लेकिन हम नफरत वाले लोग नहीं है। हम इस देश में नफरत नहीं लाना चाहते। मोहब्बत लाना चाहते हैं। यह प्रोटेस्ट एक प्रोटेस्ट है। यह हिंदुस्तान की प्रोटेस्ट है। हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है।
नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे, कानूनी कार्यवाही होगी; राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा कि अमिेत शाह कहते हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे। हम भी यही कहते हैं कि कहीं नहीं जाने देंगे। इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। नरेंद्र मोदी के खिलाफ, अमित शाह के खिलाफ, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई होगी… होगी… होगी।
राहुल गांधी ने कहा कि यह देश नफरत का देश नहीं है। हम किसी से नफरत नहीं करते। हम अहिंसा वाले लोग हैं। लेकिन अमित शाह जी, नरेंद्र मोदी जी, ज्ञानेश कुमार जी आपने देश के संविधान पर आक्रमण किया है। देश की आत्मा पर हमला किया है। यह हमें स्वीकार्य नहीं है। हमारे लिए कोई दुश्मन नहीं है। न ज्ञानेश कुमार के लिए नफरत है। हमारे लिए धर्म से भी ज्यादा जरूरी चीज, हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज है। फिर वह कोई भी हो, हम उनके खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। हम नफरत नहीं फैलाएंगे। लेकिन हम किसी को संविधान को नष्ट नहीं करने देंगे। हमारा धर्म कहता है कि कोई दुश्मन नहीं है। किसी से नफरतन हीं करनी है। मोहब्बत से काम करना है।
अडानी-अंबानी का कर्ज दो मिनिट में माफ होता है- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में अंबानी और अडानी का पैसा दो मिनट में माफ होता है। लेकिन गरीब का बेटा कोई कर्ज लेता है, तो उसे जूते मारकर जेल में डाल दिया जाता है। हमें ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहिए।
राहुल गांदी ने कहा कि हमें शिव की बारात जैसा हिंदुस्तान चाहिए। जहां किसान का बेटा मेहनत करे, तो उसे उसकी मेहनत का फल मिले। अगर चात्र 18 घंटे मेहनत करे, तो उसे उसका फल मिले। हमें दो तीन लोगों का देश नहीं चाहिए। इसमें अडानी जी जो भी काम करना चाहें, जो भी सिस्टम लेना चाहें। हर एयरपोर्ट को छीन लें, रेलवे को छीन लें, बिजली की सिस्टम उड़ा लें। ड्रोन, हथियार, सारा का सारा देश अडानी का। ऐसे देश नहीं चाहिए हमें। हम ऐसा नहीं होने देंगे। देश को सही पटरी को लाने का तरीका। पहला कदम इस ज्ञानेश कुमार को हटाना है।
सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रामलीला ग्राउंड में सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव इल्लीगल चुनाव था, चोरी का चुनाव था। यह बात मैं नहीं कह रहा हूं। यह बात निर्वाचन आयोग कह रहा है। क्योंकि उन्होंने वोट काटे थे। मैं कह रहा हूं। मैंने कोविड के बारे में बोला… सच आया। मैं हिंदुस्तान के हर नागरिक को कह रहा हूं। ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा। ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा। यह आम चोरी नहीं है कि किसी ने दुकान से छोटी चोरी कर ली। उसके लिए जेल होती है। यह नॉर्मल चोरी नहीं है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है। इसको लीगल भाषा में रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसको देश द्रोही कहते हैं। ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी पीएम बनता, न अमित शाह होम मिनिस्टर बनता।
अखिलेश यादव बोले- 2027 में ऐसी विदाई होगी कि दोबारा लौट नहीं पाएंगा
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने BJP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी उत्तर प्रदेश आए थे, उन्हें अब UP से ही बाहर जाना पड़ेगा। यूपी की जनता स्वागत करना भी जानती है और विदाई देना भी। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में BJP और उसके सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे।
तेजस्वी यादव बोले- शकुनि अपनी चाल चल रहा है
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली को संबोधित करते हुए RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आमतौर पर इस मैदान में रामायण का मंचन होता है, लेकिन आज यहां वोट चोरों के खिलाफ महाभारत हो रहा है।
तेजस्वी ने महाभारत में शकुनि के पासों के खेल का जिक्र करते हुए कहा कि आप सभी जानते हैं कि महाभारत की शुरुआत युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि जुए के खेल से हुई थी। उन्होंने कहा कि अब जब शकुनि अपनी चाल चल रहा है, तो उन्हें भी यह लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मोदी को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ- मल्लिकार्जिन खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने रामलीला मैदान में इंडिया गुट के महारैली में कहा कि चलो दिल्ली रामलीला मार्च एक एतिहासिक आयोजन हो रहा है। खासकर मोदी जी और अमित शाह ने महिलाओं, दलितों और युवाओं के वोट चोरी करने की कोशिश की और अपने एक चले ज्ञानेश कुमार को बैठकर ये सब किया। अब हम उस ज्ञानेश कुमार को ही निकालने का काम करेंगे। मोदी और अमित शाह उसे बचाने और छुपाने का काम कर रहे हैं। अगर वो धरती में भी कहीं छुप गया, तो हम उसे ढूंढ लाएंगे। मोदी जी कभी CBI से, कभी ED से हमें और हमारे साथियों को डराने की कोशिश करते हैं, तो एक बात ध्यान रखें कि इस मंच पर कोई भी डरने वाला है।
खरगे ने आरोप लगाते हुए कहा, "महाराष्ट्र की सरकार हो, बिहार की सरकार हो, यूपी की सरकार हो यह सब चोरी की सरकारें, क्योंकि जनता इन्हें नहीं चुनती, ये खुद को चुनते हैं। इसलिए इन चोरों हटाना जरूरी है। इसलिए मोदी जाएंगे तो ही लोकतंत्र बचेगा। मोदी को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ। आखिर में यही कहूंगा कि आप लड़ने के लिए तैयार रहें। मोदी तभी जाएंगे जब आप मजबूती से लड़ेंगे।"