• धान खरीदी में किसानों की परेशानी होगी दूर, DCS में खसरा एवं फसल संबंधी गलत प्रविष्टि सुधरेगी

    फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन, 30 नवंबर तक अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के शासन ने निर्देश दिए हैं। 

    रायपुर, 26 नवंबर 2026। DCS में खसरा एवं फसल विवरण की गलत प्रविष्टि के कारण धान बेचने के लिए भटक रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन ने पात्र किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए खसरा मैपिंग एवं फसल संबंधी विसंगतियों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिया है। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।

    मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर 2026 को आयोजित धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुक्रम में यह कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी द्वारा जारी निर्देशों में किसानों की समस्याओं के निराकरण तथा फसल संबंधी अभिलेखों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया है।

    15 जनवरी तक होगी खसरा मैपिंग

    ऐसे किसान, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित सहकारी समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टरों को संबंधित समितियों के माध्यम से ऐसे सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खसरा मैपिंग की समय-सीमा में धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।

    खेतों में पहुंचकर वास्तविक फसल का होगा सत्यापन

    डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसानों द्वारा वास्तविक रूप से धान की फसल बोए जाने का दावा किया जा रहा है, उनका विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही डीसीएस एवं पीवी ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण एवं सत्यापन से छूट गए खसरों का भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करते हुए मौके पर वास्तविक फसल एवं फसल क्षेत्रफल का परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार करने के साथ ही वास्तविक फसल की स्थिति को प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।

    30 नवंबर तक उपलब्ध करानी होगी सत्यापित जानकारी

    राज्य शासन ने सत्यापन के उपरांत सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित करने तथा सक्षम प्राधिकारी से विधिवत अनुमोदन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।

    राज्य शासन की इस पहल से खसरा एवं फसल संबंधी तकनीकी और अभिलेखीय विसंगतियों के निराकरण में मदद मिलेगी। साथ ही वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी तथा धान उपार्जन व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बन सकेगी।