• छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी नहीं रहे, CM साय ने शोक प्रकट किया

    प्रख्यात गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ, छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता व लेखक कनक तिवारी का निधन हो गया है। बीती रात अंतिम सांस ली।

    रायपुर, 26 नवंबर 2026। प्रख्यात गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ, छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता व लेखक कनक तिवारी का निधन हो गया है। बीती रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश के साहित्यिक, सामाजिक और विधि जगत में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। विदेश में रह रही उनकी बेटी के भारत लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    कनक तिवारी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर करीब एक महीने से परिचितों और प्रशंसकों की चिंता बढ़ रही थी। सोशल मीडिया पर नियमित रूप से सक्रिय रहने वाले तिवारी लंबे समय से कोई नई पोस्ट साझा नहीं कर रहे थे। उनकी खामोशी ने शुभचिंतकों की बेचैनी बढ़ा दी थी और लोग लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने का प्रयास कर रहे थे।

    निधन से प्रशंसकों में शोक
    13 नवंबर को देवप्रिय अवस्थी ने सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था कि कनक तिवारी की आखिरी पोस्ट देखे करीब एक महीना होने वाला है। उन्होंने तेजस के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की ताजा जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया था। अब उनके निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और चाहने वालों को गहरे शोक में डाल दिया है।

    कनक तिवारी केवल एक वरिष्ठ अधिवक्ता नहीं थे, बल्कि गांधीवादी विचारधारा, संविधान और सामाजिक सरोकारों पर अपनी स्पष्ट वैचारिक अभिव्यक्ति के लिए भी पहचाने जाते थे। कानून, साहित्य और सार्वजनिक विमर्श में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने विधि और बौद्धिक जगत की एक महत्वपूर्ण आवाज खो दी है।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुःख
    छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, प्रख्यात संविधान विशेषज्ञ, गांधीवादी विचारक एवं ख्यात लेखक कनक तिवारी के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन के समाचार को अत्यंत दुःखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ एवं ख्यात लेखक कनक तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखकर दिवंगत कनक तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।