कबीरधाम जिले में धान खरीदी में किसानों ने दिखाया उत्साह, 144 उपार्जन केंद्रों में बेची उपज
कवर्धा, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। कबीरधाम जिले में भी पहले दिन 144 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया शुरू हुई। किसानों को बिना किसी परेशानी के धान विक्रय करने की सुविधा मिले, इसके लिए प्रशासन ने टोकन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। पहले दिन 7386 क्विंटल धान खरीदी की गई। दूसरे दिन भी धान खरीदी जारी है।
धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर तुलिका प्रजापति विभिन्न उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान केंद्रों में धान बेचने पहुंचे पहले किसानों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया। कलेक्टर ने किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, कबीरधाम जिला अन्य राज्यों की सीमाओं से जुड़ा होने के कारण अवैध धान की आवक रोकने प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाए हैं, जहां लगातार निगरानी की जा रही है।
इस वर्ष राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना को लेकर भी किसान उत्साहित हैं। किसानों का कहना है कि कम धान बेचने पर भी अंतर की राशि मिलने से उन्हें आर्थिक लाभ होगा। प्रशासन का दावा है कि खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।