• बेंगलुरु पब विवाद के बाद IAS विकास मरमट का तबादला; महज 23 साल की उम्र में UPSC किया क्रैक

    बेंगलुरु के एक पब में पुलिसकर्मियों के साथ झड़प मामले में आईएएस अधिकारी विकास मरमत का आंध्र प्रदेश सरकार ने तबादला कर दिया है।

    विजयवाड़ा/ बेंगलुरु, 15 अक्टूबर 2026। बेंगलुरु के एक पब में हुए झगड़े और पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास मरमत खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उनका ट्रांसफर कर दिया गया है।

    10 अक्टूबर को रात करीब 1:30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक महंगे बार और रेस्तरां में 2019 बैच के आईएएस अधिकारी विकास और उनके तीन साथियों (रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाने वाले नीतीश और बाउंसर रोशन) के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इन पर पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके समेत पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने और उन पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप है।

    मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद राज्य सरकार पर आईएएस अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया। यह दबाव इसलिए और भी ज्यादा था क्योंकि मरमत कुप्पम में शहरी विकास प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं। कुप्पम वही निर्वाचन क्षेत्र है, जिसका प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू करते हैं।

    मरमत का किया गया तबादला
    मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस घटना की विस्तृत जांच करने और 13 अक्टूबर तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया, जिसके बाद राज्य सरकार ने तुरंत मरमत के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। उनका तबादला कर दिया गया और उन्हें बुधवार को जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें आगे की तैनाती दी जा सके।

    IAS विकास मरमत कौन हैं?

    आईएएस विकास मरमत मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वह एक वीडियो में बताते हैं कि उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2018 में सफलता पाई थी। वे 2019 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं और उन्हें आंध्र प्रदेश कैडर आवंटित किया गया था। वे मात्र 23 वर्ष की आयु में आईएएस सेलेक्ट हुए। डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग (DoPT) के अनुसार, विकास मरमत ST कैटेगरी से आते हैं। अभी वह कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह असिस्टेंट कलेक्टर रहे चुके हैं। वह नेल्लोर नगर पालिका के कमिश्नर भी रहे। अभी वह बेंगलुरु पब मामले में पुलिसवालों से भिड़ने के बाद सुर्खियों में हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मुख्य सचिव से IAS विकास मरमत के मामले में रिपोर्ट मांगी है।

    विकास मरमत की पत्नी प्रिया मीणा भी IRS अफसर

    विकास मरमत की शादी प्रिया मीणा से हुई है, जो IRS अधिकारी हैं। प्रिया मूल रूप से राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं। उन्होंने 2024 में UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 833 हासिल की थी। उन्होंने IIT दिल्ली से बीटेक और एमटेक की डिग्री प्राप्त की है। दोनों की सगाई 5 दिसंबर 2025 को हुई थी और मार्च 2026 में उन्होंने शादी कर ली थी।