Kolkata Stampede LIVE: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़, 18 की गई जान, 45 घायल
Kolkata Stampede LIVE: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बारिश से बचने के लिए लोगों की भीड़ एक साथ पंडाल में चढ़ गई, जिससे यह दुःखद हादसा हो गया और बड़ी संख्या में लोग हताहत हो गए। कोलकाता के चोर बागान दुर्गा पंडाल में मची भगदड़ में 3 पुरुष, 2 बच्चे तथा 13 महिलाओं समेत 18 लोगों की जान जाने की खबर है। वहीं 45 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज सूत्रों ने 20 से अधिक मौत का दावा किया है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नवदुर्गा के उत्सव के दौरान दुखद हादसा हो गया है। चोरबागान इलाके में लगे नवदुर्गा पंडाल में अचानक भगदड़ मच गई। मीडिया से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने मृतकों की संख्या के 18 होने की पुष्टि की है, जबकि 45 से अधिक लोगों की घायल होने की खबर है। वहीं मेडिकल कॉलेज सूत्रों ने 20 से अधिक मौत का दावा किया है। भगदड़ में जान गंवाने वालों में 13 महिलाएं, तीन पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। इस हादसे के बाद कई लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल घायलों का जायजा लेने के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर करते हुए घायनों के जल्दी ठीक होने की कामना की है। इसके साथ ही उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की मदद देने का भी ऐलान किया।
अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, भारी भीड़ और तेज बारिश को भगदड़ की वजह बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चोरबागान इलाके में पंडाल का दरवाजा काफी संकरा था, निकास द्वार पर भी ज्यादा जगह नहीं थी। तेज बारिश की वजह से पहले से ही भरा हुए पंडाल में और लोग आने लगे, जिसकी वजह से अफरा-तफरी शुरू हो गई।
पूरी कांग्रेस पार्टी सरकार को सहयोग करने के लिए तैयार-पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई है। पीएम से लेकर राष्ट्रपति सभी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। इसी बीच पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने सरकार का सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने कहा, "हम, यानी पूरी कांग्रेस पार्टी ने सरकार को पूरा सहयोग देने का फैसला किया है। हमारे स्वयंसेवक लोगों की जान बचाने के काम में पूरी तरह जुटे हुए हैं। जब यह घटना घटी, तब पुलिस कहाँ थी? आज जनता यही सवाल पूछ रही है। इसके अलावा, लालबाजार कंट्रोल रूम में फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। जब मैं चोरबागन इलाके में गया, तो स्थानीय लोगों ने यह बात उठाई। यह एक बेहद दुखद घटना है। मैं सरकार से आग्रह करता हूँ कि वह इस पर विचार करे, पीड़ितों को मुआवजा दे और जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को रोजगार मुहैया कराए।"
भीड़ के वजह से मेरे दोस्त की जान चली गई- प्रत्यक्षदर्शी
घटना की जानकारी देते हुए देवव्रत चटर्जी नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भीड़ की वजह से उनके दोस्त की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि 26 वर्षीय युवा भीड़ के नीचे आ गया। इसके बाद उनकी जान चली गई।
चोरबागान दुर्गा पंडाल में मची भगदड़ के बाद हिरासत में लिए गए आयोजक
चोरबागान दुर्गा पंडाल में हुए दुखद हादसे के बाद कोलकाता पुलिस एक्शन में है। पुलिस ने चोरबागान दुर्गा पंडाल के आयोजकों और निजी सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में ले लिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए की मदद का ऐलान
कोलकाता के चोरबागान इलाके में हुए हादसे को लेकर पीएम मोदी ने दुख जाहिर किया है। प्रधानमंत्री आवास से किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात की जानकारी दी गई है। इसके अलावा पीएम मोदी ने मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशी देने का ऐलान किया है।
पोस्ट में कहा गया, "कोलकाता में मची भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।"
ममता बनर्जी की पार्टी ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने इस हादसे के लिए शुभेंदु सरकार की लचर व्यवस्था को जिम्मेदार बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस ममता गुट की तरफ से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा गया। पोस्ट में कहा गया, “न पुलिस, न नागरिक स्वयंसेवक, न एम्बुलेंस, और न ही भीड़ का कोई प्रबंधन! चोरबगान पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ के बाद स्थानीय निवासी यही कह रहे हैं। कोलकाता पुलिस और भाजपा के प्रशासन को इन गंभीर चूकों का जवाब देना होगा। जन सुरक्षा को इतनी लापरवाही से नहीं लिया जा सकता। जैसे-जैसे मृतकों की संख्या बढ़ रही है, इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देंगे?” ममता बनर्जी की पार्टी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन वह बंगाल आते हैं उसी दिन बंगाल को दिल दहला देने वाली त्रासदी का सामना करना पड़ता है।