सूरजपुर में महिला की मौत के बाद भड़का आक्रोश, तहसीलदार-SDOP और TI को बनाया बंधक
सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबेरपुर में सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया और ट्रैक्टर और क्रेशर में आगजनी की।
सूरजपुर, 18 अक्टूबर 2026। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबेरपुर में सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और क्षेत्र में आगजनी तथा पथराव की घटनाएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार, महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों द्वारा एक ट्रैक्टर और पाठक क्रेशर में आग लगाए जाने की सूचना है। वहीं, मौके पर पहुंचे तहसीलदार करमचंद जाटवर, थाना प्रभारी (TI) लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता और एसडीओपी को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने की भी खबर है।
प्रदर्शन के दौरान पथराव किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम प्रयासरत है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
एक महिला की मौत से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब कानून-व्यवस्था की चुनौती बन गया है। ग्रामीणों का आक्रोश, आगजनी और पथराव की घटनाओं के बीच प्रशासन के सामने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने की चुनौती है। फिलहाल, घटना के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी और प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई का इंतजार है।