• बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा, गंगा में नाव पलटी, 13 मासूमों की मौत

    बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर स्थित रामपुर में गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। मृत्यु भोज खाने जा रहे बच्चों को लेकर जा रही नाव अचानक पलट गई। नाव डूबने से 13 बच्चों की मौत हो गई है।

    हाजीपुर, 14 अक्टूबर 2026। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर के रामपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर करीब 20-22 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में ज्यादातर नाबालिग बच्चियां बताई जा रही हैं। सभी की उम्र 15 साल से कम बताई जा रही है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

    जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम एक बच्ची का मृत्यु भोज खाने के लिए एक टोले के 20-22 बच्चे नाव में सवार होकर राघोपुर के रामपुर गांव जा रहे थे। वहां  सिंघेश्वर राय की बेटी की मौत के बाद मृत्यु भोज रखा गया था। रास्ते में 300 मीटर चौड़ा ढाब को पार करते समय नाव नदी में पलट गई। उसके बाद कई लोग डूब गए। हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

    हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। नाव पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि कई लोग पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश की। कई लोगों को पानी से बाहर निकालकर राघोपुर फतेहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

    सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश शुरू की। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम के भी बचाव अभियान में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

    अंधेरा और गहरा पानी बना परेशानी
    गंगा नदी में रात का अंधेरा और पानी की गहराई बचाव अभियान में मुश्किलें पैदा कर रही हैं। प्रशासन की टीमें लापता लोगों को तलाशने में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नाव पलटने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में नाव का संतुलन बिगड़ने की बात कही जा रही है।

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया 4 लाख रुपये की मदद का ऐलान
    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने तथा घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

    तेजस्वी यादव ने जताया दुख, NDRF और SDRF की टीमें भेजने की मांग
    राघोपुर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक तेजस्वी यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि घटना उनके विधानसभा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद की है, जहां भोज से लौटते समय नाव पलट गई।

    तेजस्वी यादव के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में करीब 30 लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई थी। उन्होंने बताया कि 14 शव बरामद होने, छह लोगों को अस्पताल रेफर किए जाने और तीन लोगों के सुरक्षित होने की सूचना मिली थी। हालांकि, मृतकों और लापता लोगों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।