• रेलवे अधिकारी ने बनाया यौन संबंध का दबाव, महिला ने की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत

    बिलासपुर, 25 अक्टूबर 2026। बिलासपुर के एक रेलवे अधिकारी पर महिला सहकर्मी ने अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने रेल मंत्री, महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन 1076 पर इसकी शिकायत की है। महिला का आरोप है कि रेलवे अफसर लगातार उन पर यौन संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं, नहीं तो नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे हैं।

    मिली जानकारी के अनुसार रेलवे अधिकारी रुखमैया मीणा कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ हैं। पीड़ित महिला उनके मातहत के रूप में काम कर रही हैं। महिला एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से वहां काम करती हैं। महिला का आरोप है कि अधिकारी उन पर लगातार अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं। जब उन्होंने विरोध किया तो वह उसे नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे हैं। 

    महिला ने इसकी शिकायत रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर की है। बिल्हा के रानी दुर्गावती नगर क्षेत्र से सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत की गई है। जहां से शिकायत को जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, उसके पश्चात ही उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर आरोपित अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है।