• गणेश उत्सव के प्रसाद पर टिप्पणी से बवाल : मामला पार्क साइड रेसिडेंशियल कॉलोनी का, पुलिस में शिकायत

    मसीही समाज के युवक की टिप्पणी से नाराज गणेशोत्सव समिति के सदस्यों ने खम्हारडीह थाने में इसकी शिकायत की है। मामले की पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।

    रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। रायपुर के खम्हारडीह इलाके की पॉर्कसाइड रेसिडेंशियल कॉलोनी में गणेश के प्रसाद पर टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। मसीही समाज के एक युवक की टिप्पणी से नाराज गणेश समिति के सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। समिति ने व्हाट्सऐप ग्रुप में शेयर किए गए ऑडियो और टिप्पणी को सबूत के रूप में दिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक का कहना है कि उन्होंने गणेश प्रसाद पर नहीं बल्कि नीचे फैली गंदगी पर टिप्पणी की थी।

    गणेश पर्व पर आयोजन के दौरान शेयर हुआ ऑडियो
    समिति के सदस्यों के अनुसार गणेश पर्व पर मूर्ति स्थापना, पूजा और भंडारे का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक ऑडियो सोसाइटी के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में शेयर किया गया। यह ऑडियो कैलविन सैमुअल नाम के व्यक्ति ने शेयर किया था। ऑडियो में प्रसाद और पूजा सामग्री को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं। सदस्यों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।

    युवक ने कहा- प्रसाद को लेकर टिप्पणी नहीं की है..

    वहीं सोसाईटी के ग्रुप में ऑडियो अपलोड करने वाले कैल्विन सैम्यूअल ने भी मीडिया में अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा, कि प्रसाद को लेकर टिप्पणी नहीं की है। फ्लैट के नीचे फैली गंदगी को लेकर टिप्पणी की थी। मैने मंदिर बनाने के पक्ष में बोला है।

    समिति के लोग जबरिया मामलें में विवाद कर रहे और धर्म से जोड़ रहे है। ऑडियो के शब्दों में कुछ हेर फेर था, उसकी माफी मांग ली थी। समिति के सदस्यों के खिलाफ धमकी देने और धक्का-मुक्की करने की शिकायत थाने में की है।

    वीडियो और टिप्पणी की जांच की मांग
    शिकायत में पुलिस से वीडियो और टिप्पणी की जांच करने की मांग की गई है। सदस्यों ने पूछा है कि वीडियो किस संदर्भ में बनाया गया, किसने शेयर किया और टिप्पणी का वास्तविक मतलब क्या था। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। ठोस कार्रवाई न होने से सदस्य नाराज हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की बात कह रहे हैं। 

    पुलिस ने कहा- जांच चल रही है
    खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश गौतम ने शिकायत आने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि समिति ने ऑडियो भी जमा किया है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। मामला जांच के अधीन है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।