हरियाणा के सिरसा में अजीबोगरीब मामला; ननद-भाभी को एक-दूसरे में हुआ प्यार, घर से भागकर होटल में रहने लगी
Live In Relationship: सिरसा जिले की 26 वर्षीय विवाहित महिला और 18 वर्षीय उसकी ननद ने परिवार से अलग होकर साथ रहने का फैसला किया है। एमए पास महिला और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा उसकी ननद अब फतेहाबाद में किराये के मकान में सहमति संबंध में रहेंगी।
चंडीगढ़, 22 अक्टूबर 2026। हरियाणा के सिरसा जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। नथुसरी चोपटा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो महिलाएं अपना घर छोड़कर फतेहाबाद पहुंच गईं। दोनों आपस में ननद-भाभी हैं। फतेहाबाद में वे एक होटल में साथ रुकीं। बताया जा रहा है कि वे पिछले करीब एक साल से बहुत अच्छी दोस्त थीं और साथ रहना चाहती थीं। परिवारों के समझाने के बावजूद उन्होंने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
दो बेटियों को ससुराल में छोड़ा
महिला ने बताया कि उसकी छह और चार वर्ष की दो बेटियां हैं। वह दोनों बच्चियों को अपने साथ नहीं रखना चाहती और उन्हें ससुराल में छोड़ आई है। काउंसिलिंग के दौरान उसे परिवार और बच्चों के भविष्य पर विचार करने की सलाह दी गई। उसे इस फैसले से परिवार पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में भी समझाया गया लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही।
ननद भी परिजनों के पास लौटने को तैयार नहीं
बीए प्रथम वर्ष में पढ़ रही ननद की भी काउंसिलिंग की गई। उसे परिजनों के पास लौटने की सलाह दी गई लेकिन उसने भी भाभी के साथ रहने का फैसला नहीं बदला। दोनों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी इच्छा से साथ रहना चाहती हैं।
अपने फैसले पर अडिग रहीं दोनों
उनके रिश्तेदारों ने उन्हें परिवार के घर में ही अलग-अलग रहने का विकल्प दिया, लेकिन दोनों ने इससे इनकार कर दिया। देर शाम तक वे अपने फैसले पर अडिग रहीं। इसके बाद उनके परिवार वाले बिना उन्हें साथ लिए ही वापस लौट गए।