• पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण, जयपुर में कांस्य पदक

    आज का दिन छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के लिए दोहरी ऐतिहासिक खुशी का दिन है। पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने एशियन गेम्स में  स्वर्ण जीता है वहीं 46 राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता जयपुर राजस्थान में रिकर्व टीम ने पहली बार  कांस्य पदक दिलाया है। कैलाश मुरारका ने कहा, 25 वर्षों का इंतजार पूरा हुआ। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की शुरुआत हुई।

    रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के लिए आज का दिन अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक है। प्रदेश को एक साथ दो बड़ी उपलब्धियाँ प्राप्त हुई हैं। पहली खुशी यह है कि छत्तीसगढ़ के पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने एशियन गेम्स की मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश एवं देश का मान बढ़ाया है। वहीं दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ की रिकर्व टीम ने पहली बार टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश की तीरंदाजी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

    जयपुर की धरती पर आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली तीरंदाज गीतेश यादव, श्रेयांश वर्मा, युवराज एवं अविनाश ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का तिरंगा गौरव के साथ लहराया। रिकर्व टीम की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के तीरंदाजी जगत में उत्साह एवं खुशी की लहर है। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हम लंबे समय से उस दिन की प्रतीक्षा कर रहे थे, जब छत्तीसगढ़ के हमारे बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक तीरंदाजी उपकरणों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतेंगे। आज वह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

    उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने वरिष्ठ राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, बिलासपुर में भी खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए घोषणा की थी कि ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी तथा पदक दिलाने वाले कोच को ₹5-₹5 लाख की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आज की उपलब्धियाँ इस विश्वास को और मजबूत करती हैं कि उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिलने पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

    व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक की उम्मीद
    मुरारका ने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के सात खिलाड़ी व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। आगामी व्यक्तिगत मुकाबलों एवं मेडल मैचों को लेकर संघ और खिलाड़ियों को पूरी उम्मीद है कि प्रदेश के खिलाड़ी अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखेंगे और और भी पदक हासिल करेंगे। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ ने सभी पदक विजेताओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएँ प्रेषित की है।