तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, 6 मौके पर ही मौत, 15 की हालत गंभीर, 5-5 लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। 15 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए CM ने मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की सहायता देने की घोषणा की है।
मनेन्द्रगढ़, 22 अक्टूबर 2026। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यात्री बस तेज रफ्तार में थी। केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास वह बेकाबू होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 25 यात्री घायल हुए हैं।
पहाड़हंसवाही के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहाड़हंसवाही के पास बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बस में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
15 लोगों की हालत गंभीर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस हादसे में ड्राइवर समेत 15 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें बेहतर इलाज के लिए मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल भेजा गया है। बाकि 10 घायलों का इलाज केल्हारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बस के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
घटना की खबर मिलते ही प्रशासन और राजनीति से जुड़े लोग तुरंत हरकत में आ गए। एसडीएम शशिशेखर मिश्रा फौरन अस्पताल पहुँचे, उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को अच्छे इलाज के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक (एसपी) रत्ना सिंह भी केल्हारी अस्पताल पहुँचकर हालात का जायजा लिया।
इसके अलावा, पूर्व विधायक गुलाब कमरो अपने कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुँचे और घायलों से मिलकर उनके इलाज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। फिलहाल बस दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस मामले की बारीकी से जाँच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बसों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर ईलाज के निर्देश, 5-5 लाख रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹5-5 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से संचालित करने तथा घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो।