• ‘तानाशाही तो हिटलर की भी नहीं चली’, उद्धव राज ठाकरे ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भरी हूंकार

    उद्धव ठाकरे ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में इस वक्त तानाशाही चल रही है, लेकिन यह सरकार ध्यान रखे कि हिटलर भी ऐसा ही एक तानाशाह था।

    मुंबई, 4 अक्टूबर 2026। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में आयोजित संयुक्त विरोध प्रदर्शन में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे एकसाथ नजर आए। इन दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने ज्ञानेश कुमार को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला।

    उद्धव ठाकरे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार जो कि भाजपा के ‘हथियार’ हैं, हम उनके इस्तीफे से पहले बिल्कुल शांत नहीं बैठेंगे। ठाकरे ने कहा कि हम तब तक शांत नहीं रहेंगे जब तक उसे (ज्ञानेश कुमार) सड़कों पर नहीं लाया जाता और कानून के दायरे में सजा नहीं दी जाती।

    ‘तानाशाही तो हिटलर की भी नहीं चली’
    उद्धव ठाकरे ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में इस वक्त तानाशाही चल रही है, लेकिन यह सरकार ध्यान रखे कि हिटलर भी ऐसा ही एक तानाशाह था, लेकिन आखिर में उसे खुद को ही गोली मारनी पड़ी। इस देश में भी ऐसी ही स्थिति पैदा हो सकती है। जो लोग मनमानी कर रहे हैं, उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए।

    ‘यहां तानाशाह को उखाड़ फेंकने के लिए आए हैं’
    उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि हम सभी आज यहां पर तानाशाह को ही उखाड़ फेंकने के लिए इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में 13 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। बंगाल और तमिलनाडु में भी वोटर्स को बाहर किया गया है। बंगाल में अभी भी उपचुनाव चल रहा है और लोगों ने वोट देने का अधिकार पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।”

    उद्धव ठाकरे ने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर उठाए सवाल
    इस दौरान उद्धव ठाकरे ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमिश्नरों के अपॉइंटमेंट पर मेरे मन में सवाल है। इलेक्शन कमीशन को इलेक्शन के जरिए अपॉइंट किया जाना चाहिए। पहले एक कमेटी थी जिसमें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया, प्राइम मिनिस्टर और लीडर ऑफ द अपोजिशन होते थे, लेकिन उन्होंने (केंद्र सरकार) चीफ जस्टिस को इस कमेटी से हटा दिया गया। चीफ जस्टिस की जगह, उन्होंने प्राइम मिनिस्टर द्वारा चुने गए एक मिनिस्टर को अपॉइंट कर दिया। वह मिनिस्टर अमित शाह हैं।”

    ‘बीजेपी को सरकार चलाना नहीं आता’
    उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि मेरा सवाल यही है कि ज्ञानेश कुमार को कैसे अपॉइंट किया गया? क्या होम मिनिस्ट्री के पास यह अधिकार हैं कि किसी की नागरिकता कैंसिल की जाए? उन्होंने कहा कि यह सरकार ज्ञानेश कुमार के जरिए उस पावर का इस्तेमाल कर रही है और इसीलिए हम ज्ञानेश कुमार को नहीं चाहते। ठाकरे ने कहा कि बीजेपी को सरकार चलाना नहीं आता।