लरंग साय की स्मृति में फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम माना तथा संत गहिरा गुरु के साथ मिलकर धर्म, संस्कृति एवं समाज को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया।
अम्बिकापुर, 4 अक्टूबर 2026। लरंग साय सेवा समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ गरिमामय समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम में सनातन संत समाज के अध्यक्ष संत वबरूर वाहन महाराज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अनुराग सिंह देव, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल तथा सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा सहित समिति के अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा ने स्वागत उद्बोधन में लरंग साय सेवा समिति के गठन एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम माना तथा संत गहिरा गुरु के साथ मिलकर धर्म, संस्कृति एवं समाज को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। समिति उनके जन्मदिवस एवं पुण्यतिथि पर रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने और युवाओं को प्रेरित करने का कार्य करेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने स्वर्गीय लरंग साय के साथ अपने प्रारंभिक राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लरंग साय का संगठन और समाज के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया तथा उनके नाम से गांव में स्वागत द्वार बनाने की घोषणा की।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि फुटबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अवसर देने तथा समाज को जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि लरंग साय सेवा समिति रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास और उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से स्वर्गीय लरंग साय के जीवन से प्रेरणा लेकर राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लरंग साय वाटिका विकसित करने तथा वहां युवाओं के लिए नियमित साप्ताहिक एवं मासिक मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
सनातन संत समाज के अध्यक्ष संत वबरूर वाहन महाराज ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय ने संत गहिरा गुरु के साथ मिलकर गांव-गांव में सनातन धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण और समाज को जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि लरंग साय सेवा समिति समाज में धर्म, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में कार्य करे, यही उनकी शुभकामना है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा मनोज गुप्ता, शंकरगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक जायसवाल, राजपुर जगवंशी यादव, जनपद अध्यक्ष चिंता भगत, विनय भगत, जिला पंचायत सदस्य गीता देवी, रवि प्रताप सिंह, शिवशंकर सिंह मरावी, तिलासाय, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अभय पैकरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष केसरी, दिनेश सिंह, दयाराम, रघुवीर भगत, उमाशंकर भगत, गणेश साय, धर्मेंद्र साय, सुखनंदन किसान, मोहन अग्रवाल, सत्यानंद पैकरा, बुधना राम पैकरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस चार टीमों के बीच मुकाबले हुए। मुरका एवं चांगरो के बीच खेले गए मैच में चांगरो की टीम विजयी रही, जबकि लाऊ एवं जरहाडीह के बीच हुए मुकाबले में जरहाडीह की टीम ने जीत दर्ज की।