• IAS Promotion: सुबोध, निहारिका बने ACS, कमलप्रीत और रोहित यादव प्रमुख सचिव पदोन्नत

    रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को गुरुवार को पदोन्नति दी गई है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और प्रमुख सचिव, गृह निहारिक बारिक को अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव बनाया गया है। पदोन्नति उपरांत इन अधिकारियों की पदस्थापना में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। 1997 बैच के आईएएस सुबोध सिंह और निहारिका बारिक को अपेक्स वेतनमान पे मैट्रिक्स लेवल- 17 कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से दिया गया है। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में पांच अपर मुख्य सचिव के स्वीकृत पद के विरुद्ध मुख्य सचिव समेत पांच अफसर कार्यरत हैं। 13 अक्टूबर 2026 को डीओपीटी ने राज्य में दो अतिरिक्त मुख्य सचिव वेतनमान पे लेवल 17 के पद की स्वीकृति दी है।

    वहीं 2002 बैच के डॉ. कमलप्रीत सिंह और डॉ. रोहित यादव को पे मैट्रिक्स लेवल 15 यानी प्रमुख सचिव के पद पर कार्य भार ग्रहण करने की तिथि से पदोन्नति दी गई है। राज्य में सोनमणि बोरा और शहला निगार प्रमुख सचिव हैं। सुबोध सिंह और निहारिका बारिक के एसीएस बनने पर रिक्त दो पदों के विरुद्ध डॉ. कमलप्रीत और डॉ. यादव को प्रमुख सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार ने गुरुवार को इन चारों आईएएस अधिकारियों के पदोन्नति का आदेश जारी कर दिया है। पढें पूरा आदेश..