राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंचीं छत्तीसगढ़, बस्तर दशहरा में होंगी शामिल
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के गुरुवार को रायपुर आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में राष्ट्रपति मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का मान बढ़ेगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। राष्ट्रपति मुर्मु एयरपोर्ट से सीधे लोक भवन पहुंचीं हैं। वहां वे ₹200 के विशेष सिक्के का लोकार्पण करेंगी। तत्पश्चात राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में विधायक पुरंदर मिश्रा के संयोजन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। 23 अक्टूबर को वह जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा में शामिल होंगी।