शिवनारायण पांडेय को अपेक्स बैंक के उपाध्यक्ष की कमान, उनकी नियुक्ति से प्रदेश में सहकारिता को मिलेगी नई गति
अपेक्स बैंक को पटरी में लाने के लिए राज्य शासन ने शिवनारायण पांडेय को चुना है। रजिस्टर कोऑपरेटिव सोसाइटीज ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है।
रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ सहकारिता नेता शिवनारायण पांडेय को अपेक्स बैंक के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से अपेक्स बैंक को लेकर संगठन में शिकायत की गई थी। बताया जाता है कि अपेक्स बैंक में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। किसानों के हितों को दरकिनार कर कुछ लोग स्वहित में लगे थे। यह बात सत्ता के शीर्ष स्तर पर पहुंची थी। इसलिए पार्टी संगठन ने अपेक्स बैंक को पटरी में लाने की जिम्मेदारी शिवनारायण पांडेय को दी है। रजिस्टार कोऑपरेटिव सोसाइटीज छत्तीसगढ़ ने सोमवार को उन्हें अपेक्स बैंक का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। शिवनारायण पांडे 1996 से सहकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। किसानों के उन्नति के लिए वे लगातार काम कर रहे हैं। परदे के पीछे रहकर उन्होंने बस्तर में कई चुनावों का सफल संचालन किया है। शिवनारायण पांडेय पार्टी नेताओं के बीच अपनी साफगोई और स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते हैं। वे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सदस्य भी रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इससे पहले अपनी टीम में उन्हें भाजपा का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया था।
क्या केदार पर अंकुश लगाने के लिए शिवनारायण को बैठाया गया है..
सहकारिता के क्षेत्र में शून्य अनुभव वाले व्यापारी नेता केदारनाथ गुप्ता को जब से अपेक्स बैंक का अध्यक्ष बनाया है तब से सहकारिता क्षेत्र से लगातार विरोध के स्वर उठते रहे हैं। उनके कार्य प्रणाली को लेकर मातहतों और सहकारिता जगत के लोगों में असंतोष देखा जा रहा था। बताते हैं कि इसकी शिकायत पार्टी संगठन और सत्ता के शीर्ष पायदान पर पहुंची थी। इसीलिए अपेक्स बैंक और सहकारिता में संतुलन बनाने के लिए शिवनारायण पांडेय को वहां भेजा गया है। यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं क्या 30 साल के अनुभवी नेता शिवनारायण पांडेय, केदारनाथ गुप्ता की मनमानी पर लगाम लगा पाएंगे?
सुधीर पांडेय बने मार्कफेड के उपाध्यक्ष
उधर राज्य शासन ने सुधीर पांडेय को छत्तीसगढ़ सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। रजिस्टार कोऑपरेटिव सोसाइटीज छत्तीसगढ़ ने सोमवार को सुधीर पांडेय को मार्कफेड का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। चुनाव होने तक शशिकांत द्विवेदी मार्कफेड के अध्यक्ष और सुधीर पांडेय उपाध्यक्ष बने रहेंगे।